जमीन विवाद में खूनी खेल: रामपुर गांव में अंधाधुंध गोलीबारी, एक युवक की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल

मेदिनीनगर: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर ग्राम में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प और गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस वारदात में गोली लगने से एक 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। मृतक की पहचान सकेन्द्र चौधरी (उम्र 30 वर्ष), पिता- मधु चौधरी, निवासी रामपुर के रूप में हुई है।
17 नामजद और 25 अज्ञात पर मामला दर्ज
घटना के संबंध में मृतक के पिता मधु सिंह (उम्र करीब 74 वर्ष, पिता- स्वर्गीय भिखम चौधरी) के फर्दबयान के आधार पर चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने चैनपुर थाना कांड संख्या- 124/26 (दिनांक 23.05.2026) के तहत कुल 17 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न सुसंगत धाराओं (जैसे 190, 191(2), 191(3), 115(2), 117(2), 118(1), 118(2), 333, 103(1) [हत्या], 109, 303(2), 75, 351(2), 352) और 27(1) आर्म्स एक्ट के अंतर्गत दर्ज किया गया है।
दो अभियुक्त गिरफ्तार, भेजा गया जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड के अनुसंधान और छापेमारी के दौरान दो प्राथमिकी अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के नाम निम्नलिखित हैं:
गोलू सिंह उर्फ नितेश कुमार सिंह (उम्र 28 वर्ष), पिता- स्वर्गीय मृत्युंजय सिंह
ब्रह्मदेव सिंह (उम्र करीब 80 वर्ष), पिता- स्वर्गीय जुगेश्वर सिंह
(दोनों निवासी: ग्राम- रामपुर, थाना- चैनपुर, जिला- पलामू)
पुलिस कार्रवाई: पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों ने इस खूनी संघर्ष और गोलीबारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। आवश्यक कागजी कार्रवाई और उचित मार्गरक्षण के साथ दोनों को माननीय न्यायालय में उपस्थापन (पेश) किया जा रहा है।
घटनास्थल से खोखा बरामद, छापेमारी जारी
चैनपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का मुआयना किया और वहाँ से 01 (एक) जिंदा कारतूस का खोखा बरामद किया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस कांड में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है।


