Koderma News: समाहरणालय सभागार में डीसी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में समाज कल्याण समीक्षा बैठक

बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पेश करते संबंधित विभागीय अधिकारी।

कोडरमा: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, पोषण माह, पोषण ट्रैकर के विभिन्न इंडिकेटरों, कुपोषण उपचार केंद्रों तथा सपोर्टिव सुपरविजन की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और सभी पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत पात्र किशोरियों का पंजीकरण सुनिश्चित कर उन्हें योजना से लाभान्वित करने को कहा। साथ ही, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।

उपायुक्त ने पोषण ट्रैकर में सभी निर्धारित इंडिकेटरों की सही एवं नियमित प्रविष्टि करने, आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों की सतत निगरानी करने तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार और पोषण संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और सपोर्टिव सुपरविजन को प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर पात्र लाभुकों तक पहुंच सके।

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लाभुकों के सत्यापन और भुगतान की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना अनावश्यक विलंब के पात्र लाभुकों तक पहुंचे। बैठक में प्रभारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. रेखा रानी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, पप्पू कुमार यादव, मयूरेश कुमार, सिद्धार्थ पाठक तथा विभिन्न परियोजनाओं की महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित थीं।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More