NEET पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज

रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव अम्बा प्रसाद ने नीट परीक्षा में लगातार सामने आ रही पेपर लीक, अनियमितताओं और परीक्षा प्रक्रिया पर उठ रहे गंभीर सवालों को देश के लाखों छात्रों और अभिभावकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया है। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यशैली पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जिस संस्था को देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं की जिम्मेदारी दी गई थी, वही अब अव्यवस्था, गोपनीयता भंग और प्रशासनिक विफलताओं का प्रतीक बन चुकी है।
पिछले कुछ वर्षों में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने, परीक्षा केंद्रों में धांधली, रिजल्ट में गड़बड़ी और तकनीकी अव्यवस्था की घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि NTA पूरी तरह से अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है। नीट जैसी परीक्षा, जिसमें देश के गरीब, मध्यमवर्गीय और ग्रामीण परिवारों के बच्चे वर्षों की मेहनत और सपनों के साथ शामिल होते हैं, उस परीक्षा की पवित्रता पर प्रश्नचिह्न लगना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि युवाओं का भविष्य लगातार असुरक्षित होता जा रहा है। लाखों छात्र दिन-रात मेहनत करते हैं, कोचिंग और पढ़ाई पर परिवार अपनी जीवनभर की कमाई खर्च कर देते हैं, लेकिन अंत में यदि पेपर लीक माफिया और भ्रष्ट तंत्र परीक्षा को प्रभावित कर दें तो यह मेहनतकश छात्रों के साथ सीधा अन्याय है।
पार्टी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय ने समय रहते न तो कोई जवाबदेही तय की और न ही परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाए। हर बार जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करती रही है। अब स्थिति ऐसी हो गई है कि देश के छात्र NTA की निष्पक्षता पर भरोसा खो चुके हैं।
कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की है। साथ ही कहा कि जब देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाएं बार-बार विवादों में आ रही हैं, शिक्षा मंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर लगातार हो रही इन विफलताओं की जिम्मेदारी कौन लेगा।
कांग्रेस मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निगरानी सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में स्वतंत्र जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, तथा NTA की कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा कर परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए।
कांग्रेस ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और पार्टी देशभर के छात्रों की आवाज बनकर इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी।
आज के प्रेस वार्ता में मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा,प्रवक्ता सोनाल शांति मौजूद रहे।


