Bokaro News: बरई के ग्रामीणों को बड़ी सौगात: 55 लाख से बनेगा उप स्वास्थ्य केंद्र

बोकारो: नावाडीह प्रखंड अंतर्गत बरई में 15वें जिला परिषद मद से लगभग 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास शनिवार को किया गया।
कार्यक्रम में जिप सदस्य फुलमती देवी, उप प्रमुख हरिलाल महतो, पूर्व जिप सदस्य टिकैत कुमार महतो, मुखिया विजय कुमार रवि, सांसद प्रतिनिधि दीपू अग्रवाल एवं भाजयुमो के ऊपरघाट मंडल महामंत्री कुंदन साव ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
इस अवसर पर जिप सदस्य फुलमती देवी ने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र बनने से बरई एवं आसपास के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी तथा इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं, उप प्रमुख हरिलाल महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है और यह केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित होगा।
भाजयुमो के कुंदन साव ने कहा कि यह केंद्र बन जाने से आसपास के ग्रामीणों को मामूली व मौसमी बीमारी के उपचार के लिए अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा।
कार्यक्रम में उप मुखिया जागेश्वर महतो, रविशंकर साव, पंसस प्रतिनिधि कुलेश्वर रविदास, हेमलाल महतो, शिवप्रसाद महतो, जालेश्वर महतो, धानेश्वर महतो, नंदलाल साव, लक्ष्मण साव, तेजलाल महतो, चंचल सिंह, चिंतामन साव सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।


