Jharkhand Weather Update: गर्मी के बीच मौसम का बड़ा बदलाव, झारखंड में बारिश-बिजली की चेतावनी

रांची: राज्य के 08 जिलों में 24 मई को गर्जन के साथ बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। साथ ही इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी आशंका जताई गई है। इसे लेकर मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, राज्य के तीन जिलों — गढ़वा, पलामू और चतरा — में हीट वेव (लू) चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
राज्य के जिन 08 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है, उनमें गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं।
इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 44.4 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस गोड्डा में रिकॉर्ड किया गया।
कालियासोल में 40.2 मिमी बारिश दर्ज
इस दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश धनबाद जिले के कालियासोल में 40.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा अमरपारा में 16 मिमी, जामताड़ा में 8.6 मिमी, नारायणपुर में 4.6 मिमी, पुटकी में 4.4 मिमी और पंचेत डीवीसी में 2.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और दिनभर प्रचंड गर्मी महसूस की गई।
टेम्परेचर अपडेट
शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम 38.6 डिग्री और न्यूनतम 29.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 42.1 डिग्री और न्यूनतम 22.8 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 41.5 डिग्री और न्यूनतम 27.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 39.4 डिग्री और न्यूनतम 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


