Bokaro News: जिला परिषद की सामान्य बैठक संपन्न, अध्यक्ष सुनिता देवी ने योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने का दिया निर्देश

बोकारो: जिला परिषद, बोकारो की सामान्य बैठक अध्यक्ष सुनिता देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, सभी जिला परिषद सदस्य, विभिन्न प्रखण्डों के प्रमुख, संबंधित सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि सहित जिला स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में पिछली बैठक के बिन्दुवार अनुपालन प्रतिवेदन पर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित एवं विकास संबंधी मुद्दों को सदन में रखा। बैठक में संबंधित विभागीय पदाधिकारियों ने सदस्यों द्वारा उठाए गए मामलों पर नियमानुसार एवं समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने को लेकर आवश्यक निर्देश एवं सुझाव भी दिए गए। अध्यक्ष ने बैठक में प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं पर गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए।


