Dhanbad News: डिजिटल जनगणना 2027 का औपचारिक शंखनाद, ‘एचएलओ ऐप’ से घर-घर जाकर जुटेगा डेटा

धनबाद: जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” कार्यक्रम का शनिवार को धनबाद जिले में औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है, जिसके तहत प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर एचएलओ ऐप के जरिए लोगों की जानकारी संकलित करेंगे।
उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि यह अभियान 14 जून तक चलेगा। जिले के 10 ग्रामीण चार्ज केंद्रों और एक शहरी क्षेत्र में पहले दिन कार्य शुरू किया गया।
प्रथम दिन पर्यवेक्षकों ने अपने-अपने हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का भौतिक निरीक्षण किया और प्रगणकों को क्षेत्रीय सीमाओं की पहचान, नजरी नक्शा तैयार करने तथा भवनों की स्थिति समझने संबंधी दिशा-निर्देश दिए। शुरुआती तीन दिनों तक क्षेत्र भ्रमण कर नक्शा तैयार किया जाएगा, जिसके बाद घर-घर सर्वे शुरू होगा।
भीषण गर्मी के बावजूद कर्मियों ने फील्ड में उतरकर कार्ययोजना को धरातल पर लागू किया। वहीं एगारकुण्ड प्रखंड में बीडीओ मधु कुमारी ने ई-रिक्शा के माध्यम से जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की। जनगणना रथ पर गीत और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के जरिए लोगों को जागरूक किया गया।
तकनीकी सहायता के लिए राज्यस्तरीय प्रशिक्षक पुष्कर चंद्र झा तथा फील्ड ट्रेनर कुलदीप, नीरज कुमार प्रसाद और घनश्याम दुबे लगातार प्रगणकों की मदद कर रहे हैं। अभियान में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी उमेश कुमार लोहरा, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी राजीव कुमार और अपर समाहर्ता विनोद कुमार की सक्रिय भूमिका रही।


