Bokaro News: आंधी-बारिश के बीच वज्रपात का कहर, पक्का मकान ढहा, महिला गंभीर
-1024x614.jpeg)
नावाडीह: खरपीटो गांव में तेज आंधी के साथ हो रही बारिश के दौरान हुए वज्रपात से एक पक्का मकान ढ़ह गया। इस दुर्घटना में घर के अंदर मौजूद एक महिला गंभीर रुप से जख्मी हो गई। घटना के बाद जख्मी महिला को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नावाडीह में भर्ती कराया गया। जिसके बाद उसकी गंभीर स्थिति देख बेहतर इलाज के लिए बाहर भेज दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही नावाडीह बीडीओ प्रशांत कुमार हेम्ब्रम, सीओ अभिषेक कुमार खरपीटो पहुंच घटना की जानकारी ली।
स्थानीय मुखिया नंदलाल नायक, कबीर गौशाला के संस्थापक छत्रबलि पंडित, मनीर अंसारी आदि ने पीड़ित परिवार को सरकारी लाभ देने की मांग की। जानकारी अनुसार शुक्रवार को तेज बारिश के साथ हुए वज्रपात से खरपीटो निवासी हसन रजा के तीन कमरे वाला पक्का मकान की ढ़लाई व दीवार भरभरा कर ढ़ह गया। दुर्घटना के समय घर के अंदर हसन रजा की पत्नी जेहरा खातून थी, जो जख्मी हो गई है। घर के अन्य सदस्य घर के बाहर थे, अन्यथा एक बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता था। घटना के बाद ग्रामीण दहशत में है।


