Ranchi News: ICICI बैंक के कैंपस प्लेसमेंट में सरला बिरला विश्वविद्यालय के 29 विद्यार्थियों का चयन, 5.50 लाख तक का पैकेज

रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू), रांची के विद्यार्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट में शानदार उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट विभाग की ओर से आयोजित ICICI बैंक के कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में कुल 29 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर काम करने का अवसर मिलेगा। इस पद के लिए अधिकतम 5.50 लाख रुपये वार्षिक सीटीसी का अवसर दिया जाएगा।
150 से अधिक विद्यार्थियों ने कराया था पंजीकरण
यह कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव वर्ष 2027 में उत्तीर्ण होने वाले बीबीए, बीकॉम, बीसीए और बीए के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया था। इसमें 150 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। चयन प्रक्रिया के पहले चरण में एप्टीट्यूड टेस्ट आयोजित किया गया, जिसके बाद 86 विद्यार्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 29 विद्यार्थियों का चयन रिलेशनशिप मैनेजर के पद के लिए हुआ।
उद्योग जगत से मजबूत हो रहे विश्वविद्यालय के संबंध
विश्वविद्यालय के अनुसार, यह उपलब्धि विद्यार्थियों की प्रतिभा, व्यावसायिक तैयारी और उद्योग जगत के साथ संस्थान के मजबूत होते संबंधों को दर्शाती है। विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट विभाग विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भी दी हैं रोजगार की संभावनाएं
विश्वविद्यालय में वर्ष 2026 में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के प्लेसमेंट अभियान के दौरान भी कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने भाग लिया था। इनमें ईवाई, बिड़ला ओपस, टीसीएस, डेलॉइट, आईडीबीआई बैंक, गोदरेज, आईटीसी होटल्स लिमिटेड, शोभा लिमिटेड, जीई एयरोस्पेस, जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, बर्जर पेंट्स, डीमार्ट, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, स्टरलाइट इलेक्ट्रिक लिमिटेड, बजाज फाइनेंस, इन्फो एज (नौकरी डॉट कॉम), सीएट टायर्स, केईसी इंटरनेशनल, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक, इंडस टावर्स, आरआर केबल लिमिटेड, एओ स्मिथ, श्री रामकृष्ण एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड सहित अन्य कंपनियां शामिल थीं।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन और राज्यसभा सांसद सह निदेशक, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


