Palamu News: झारखंड राज्य जूडो चैंपियनशिप में जिले का परचम, शिवांश वात्सल्य ने जीता गोल्ड समेत 4 पदक

झारखंड राज्य जूडो चैंपियनशिप में पलामू के खिलाड़ियों ने जीते चार पदक।

पलामू: झारखंड राज्य जूडो चैंपियनशिप में पलामू जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में शिवांश वात्सल्य ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया, जबकि तीन अन्य खिलाड़ियों ने कांस्य पदक हासिल किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।

शिवांश वात्सल्य ने जीता स्वर्ण पदक

प्रतियोगिता के अंडर-20 किलोग्राम भार वर्ग में द कराटे एकेडमी के खिलाड़ी शिवांश वात्सल्य ने स्वर्ण पदक जीतकर पलामू का मान बढ़ाया। वहीं, अंडर-40 किलोग्राम भार वर्ग में इसी एकेडमी के खिलाड़ी आदित्य अविनाश शौर्य ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

इसके अलावा, सेंट मरियम्स स्कूल के अंश भाई पटेल ने अंडर-55 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। अंश राज ने 66 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग (+66 किग्रा) में कांस्य पदक हासिल किया।

खिलाड़ियों को मिली बधाई

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर झारखंड जूडो संघ के कोषाध्यक्ष अंशुमान राय ने उन्हें बधाई देते हुए प्रदर्शन की सराहना की। पलामू जूडो संघ के अध्यक्ष अमित कुमार ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, सेंट मरियम्स स्कूल के चेयरमैन ने अपने विद्यालय के खिलाड़ी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी।

इस अवसर पर पलामू जूडो संघ के सचिव एवं द कराटे एकेडमी के निदेशक सुमित वर्मन ने कहा कि पलामू के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि जिले में खेलों के विकास और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतना खिलाड़ियों के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अधिक अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पलामू एवं झारखंड का नाम रोशन कर सकें।

सुमित वर्मन ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनकी नियमित मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पलामू के खिलाड़ी जूडो में और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

पलामू के खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले में उत्साह का माहौल है। यह उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।

लेखक के बारे में

By Ajeet Kumar Pathak

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More