Sahebganj News: बरसात से पहले एक्शन में नगर परिषद, वार्ड-07 में युद्ध स्तर पर नाला सफाई अभियान

साहिबगंज: बरसात से पहले शहर को जलजमाव से बचाने के लिए वार्ड संख्या-07 में बड़े नाले की सफाई का अभियान युद्ध स्तर पर तेज कर दिया गया है। लंबे समय से नाला जाम रहने के कारण सड़क पर पानी भरने की समस्या बनी हुई थी। नगर परिषद के सफाई कर्मी, कर्मचारी, पदाधिकारी और वार्ड पार्षद के सहयोग से नाले की सफाई की जा रही है। सफाई के साथ ही वार्ड के सभी खराब पड़े बिजली पोल पर लगी लाइटों की मरम्मत कर प्रकाश की उत्तम व्यवस्था करने का प्रयास भी किया जा रहा है। ताकि रात में लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
वार्ड पार्षद सुनीता सिन्हा ने बताया कि एनएच-80 पर गलत निर्माण के चलते नए नाले को पुराने नाले से नहीं जोड़ा गया, जिससे पानी का निकास बाधित हो रहा है। संवेदक ने पूरे नाले को डस्टबिन की तरह बनाकर छोड़ दिया है। इससे सड़क के दोनों ओर जल निकासी नहीं हो पा रही और बरसात में सड़क पर पानी भर जाता है। उन्होंने आशंका जताई कि उच्च अधिकारियों ने बिना जांच के ही संवेदक को भुगतान कर दिया होगा।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य नहीं होने के कारण नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह लोगों ने नाले के ऊपर प्लेटफार्म बना दिया है, जिससे नाला पूरी तरह बाधित हो गया है। ऐसे में नगर परिषद को शहर का भ्रमण कर तकनीकी निर्णय लेते हुए नाले की कठिनाइयों को दूर करना होगा।
अभियान के दौरान वार्ड पार्षद सुनीता सिन्हा घर-घर जाकर नागरिकों से नाले में कचरा नहीं फेंकने की अपील कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नाला निर्माण का स्वच्छ स्वरूप तय किए बिना शहर का विकास संभव नहीं है। नगर परिषद को विकास की व्यवस्था पर जल्द निर्णय लेना होगा। वार्ड भ्रमण के दौरान वार्ड पार्षद सुनीता सिन्हा के साथ पूर्व पार्षद जयप्रकाश सिन्हा भी उपस्थित थे।


