Pakur News: अब्राहम्स एकेडमी में फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल, छात्रों को सिखाए गए बचाव के तरीके

पाकुड़: झारखंड अग्निशमन सेवा के तत्वावधान में सोमवार को पाकुड़ के समशेरा स्थित अब्राहम्स एकेडमी में एक दिवसीय अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम और मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों और शिक्षकों को आग लगने जैसी आपातकालीन स्थितियों में सुरक्षित रहने और बचाव कार्यों के प्रति प्रशिक्षित करना था।
अग्नि शमन पदाधिकारी अजय कुमार सिंह और हवलदार नरेंद्र नाथ उरांव की देखरेख में आयोजित इस सत्र में विभाग की टीम ने छात्रों को व्यावहारिक रूप से समझाया कि आग लगने पर बिना घबराए किस प्रकार सुरक्षित बाहर निकलना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन विभाग ने शिक्षण संस्थानों के लिए अनिवार्य अग्नि सुरक्षा मानकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। अधिकारियों ने बताया कि स्कूल की प्रत्येक मंजिल, प्रयोगशाला और रसोई घर के पास पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguishers) होने चाहिए और उनकी नियमित सर्विसिंग सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही, स्कूल भवन में धुएं का पता लगाने के लिए स्मोक डिटेक्टर और फायर अलार्म का होना अनिवार्य है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना समय रहते सबको मिल सके।
विभाग ने इस बात पर भी जोर दिया कि आपातकालीन निकास मार्ग (Emergency Exits) हमेशा चौड़े और बाधा मुक्त होने चाहिए और निकास संकेतों को स्पष्ट रूप से दर्शाया जाना चाहिए ताकि भगदड़ जैसी स्थिति न बने।
सुरक्षा उपायों की कड़ी में विभाग ने बताया कि स्कूल भवनों में स्वचालित स्प्रिंकलर सिस्टम और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए तड़ित चालक (Lightning Arrester) का होना बहुत जरूरी है। इसके अलावा, शॉर्ट सर्किट के खतरे को टालने के लिए बिजली के पैनलों की नियमित जांच और प्रयोगशालाओं में रखे ज्वलनशील रसायनों का सुरक्षित भंडारण अत्यंत आवश्यक है। अग्निशमन कर्मियों ने कहा कि साल में कम से कम दो बार ऐसी मॉक ड्रिल का अभ्यास छात्रों और कर्मचारियों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है।
इस अवसर पर अब्राहम्स एकेडमी के प्रबंधक एलेक्स सैम, प्राचार्या सुनीता मरांडी, काउंसलर डॉली डेविड और कोऑर्डिनेटर ज्योति शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक प्रोमिला हेम्ब्रम, संजीव किस्कू और अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा, रांची के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान के अंत में “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें” के संदेश के साथ बच्चों को आग के प्रति सदैव जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई।


