Dhanbad News: उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया गया सघन जांच अभियान

धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर जिला परिवहन विभाग द्वारा शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान ओवरलोडिंग तथा सड़क किनारे अवैध व बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों की सघन जांच की गई।
जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 35 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए ₹13,70,000 (तेरह लाख सत्तर हजार रुपये) का चालान काटा गया। इसके अलावा, गंभीर अनियमितता पाए जाने पर दो वाहनों को जब्त किया गया। इनमें से एक वाहन को बलियापुर थाना तथा दूसरे वाहन को बरवाअड्डा थाना के सुपुर्द किया गया।
कार्रवाई को लेकर उपायुक्त ने कहा कि सड़कों पर अनाधिकृत पार्किंग और ओवरलोडिंग के कारण अक्सर गंभीर सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और यातायात बाधित होता है। उन्होंने वाहन स्वामियों एवं चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह सघन जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


