समृद्ध झारखंड की खबर का असर: उपायुक्त ने लिया संज्ञान, प्रिया की पढ़ाई को मिला सहारा

बोकारो की छात्रा प्रिया कुमारी की शिक्षा को नया सहारा मिला है। पिता के सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था।

निर्मल महाराज 

बोकारो : बोकारो के   सेक्टर 4 जी की रहने वाली छात्रा प्रिया कुमारी के पिता के सड़क दुर्घटना में घायल हो जाने के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया। इस विपरीत परिस्थिति में प्रिया ने अपनी पढ़ाई जारी रखने की इच्छा नहीं छोड़ी और प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई। प्रिया की समस्या  को झारखंड राज्य रांची से  प्रकाशित हिंदी दैनिक अखबार समृद्ध झारखंड और सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आई, जिस पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने त्वरित संज्ञान लेते हुए चास अनुमंडल पदाधिकारी  को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिए।

निर्देश के अनुपालन में  चास एसडीओ  प्रांजल ढ़ांडा ने प्रिया से सीधे बातचीत कर उसकी समस्याओं को विस्तार से जाना और उसके समाधान के लिए तत्काल कदम उठाए। प्रिया की पढ़ाई बाधित नहीं हो, इसके लिए एसडीओ ने संत रविदास पब्लिक स्कूल के प्रबंधन से बात की। प्रबंधन ने मई माह के प्रथम सप्ताह में प्रिया के लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने पर सहमति जताई है, ताकि वह अपनी शैक्षणिक प्रगति जारी रख सके। इस दौरान प्रिया को परीक्षा की तैयारी करने को कहा है। चूंकि संत रविदास पब्लिक स्कूल केवल कक्षा 8 तक ही संचालित है, इसलिए जिला शिक्षा पदाधिकारी  को निर्देशित किया गया है कि प्रिया का नामांकन आगे की पढ़ाई के लिए उच्च विद्यालय लकड़ाखंदा में कराया जाए।

प्रशासन द्वारा प्रिया कुमारी के घायल पिता के बेहतर इलाज की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, ताकि परिवार को इस कठिन समय में राहत मिल सके। जिला प्रशासन ने पुन यह स्पष्ट किया है कि शिक्षा और जरूरतमंदों की सहायता उसकी प्राथमिकता है, और ऐसे मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ मदद उपलब्ध कराई जाती रहेगी।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More