हजारीबाग में बकरी वितरण पर हंगामा, लाभुकों ने बीमार बकरियां लेने से किया इनकार

हजारीबाग: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत हजारीबाग जिले के पदमा प्रखंड के लाभुकों को बकरी वितरण कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। योजना के तहत लाभुकों को बकरी वितरण किया जा रहा था, लेकिन बड़ी संख्या में पहुंचे लाभार्थियों ने बकरियां लेने से साफ इनकार कर दिया।
लाभुकों का आरोप है कि जो बकरियां दी जा रही हैं, वे बीमार और कमजोर हैं। उनका कहना है कि ऐसी बकरियों से स्वरोजगार संभव नहीं है, बल्कि उन्हें घर ले जाने के बाद उनके मरने का डर है। एक विधवा महिला ने बताया कि उन्होंने जीविकोपार्जन के लिए करीब दो साल पहले आवेदन किया था, लेकिन अब जब लाभ मिलने का समय आया तो उन्हें खराब गुणवत्ता की बकरियां दी जा रही हैं।
विरोध बढ़ता देख मौके पर मौजूद जिला पशुपालन पदाधिकारी महेश कुमार ने स्थिति को संभालते हुए लाभुकों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि यदि बकरियां संतोषजनक नहीं हैं तो उन्हें लेने की कोई बाध्यता नहीं है। साथ ही उन्होंने लाभुकों में से पांच प्रतिनिधियों को खुद जाकर बकरियों का चयन करने का प्रस्ताव दिया, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और सही बकरियों का वितरण हो सके।
इसके बाद कुछ लाभुकों ने प्रतिनिधि के रूप में बकरियों का चयन करने पर सहमति जताई और स्थिति शांत हुई।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत किसानों और ग्रामीण महिलाओं को 10 मादा बकरी और 1 नर बकरा (10+1 यूनिट) पर 90% तक सब्सिडी दी जाती है, जिससे उन्हें स्वरोजगार के अवसर मिल सकें। हालांकि, पदमा में हुई इस घटना ने योजना के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


