Ramgarh News: बेटे ने पूरा किया दिवंगत पिता का सपना: अमन मुंडा ने खेलो इंडिया कबड्डी में लहराया परचम 

रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत हरी मंदिर नया टोला निवासी अमन मुंडा ने छत्तीसगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड की कबड्डी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए तृतीय स्थान (कांस्य पदक) हासिल किया है। पिता स्व. मंगरा मुंडा के निधन और गंभीर आर्थिक तंगी के बावजूद अमन ने रजरप्पा स्पोर्ट्स एकेडमी और रामगढ़ जिला कबड्डी टीम के माध्यम से अपनी प्रतिभा को तराशा। उनकी इस उपलब्धि पर कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन सीडी सिंह और स्थानीय मुखिया बुलटी देवी ने उनके घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

गोला: पिता का साया सिर से उठ जाने और आर्थिक तंगी के बावजूद अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अमन मुंडा ने राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छत्तीसगढ़ में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक पहली बार आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड की कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। 

इस टीम में रामगढ़ जिला अंतर्गत गोला के हरी मंदिर नया टोला निवासी अमन मुंडा (पिता स्व. मंगरा मुंडा) भी शामिल थे। अमन रजरप्पा स्पोर्ट्स एकेडमी एवं रामगढ़ जिला कबड्डी टीम के खिलाड़ी हैं और उन्होंने प्रतियोगिता में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। अमन की इस उपलब्धि पर कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन सीडी सिंह ने शुक्रवार को उनके गोला के हरी मंदिर नया टोला स्थित घर पहुंचकर उन्हें फूल-माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। 

इस दौरान उन्होंने अमन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इस तरह की सफलता हासिल करना गर्व की बात है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अमन को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित गोला पंचायत की मुखिया बुलटी देवी ने भी अमन को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे पंचायत के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सम्मान के दौरान अमन मुंडा भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। इस खास मौके पर परिवार के सभी सदस्य उनके साथ थे, लेकिन पिता की कमी उन्हें गहराई से महसूस हुई। 

इस अवसर पर कुश्ती एवं वुशु एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर राम करमाली, सूरज मुंडा, विक्की दास, शेखर करमाली, धनराज दास, मोनिका कुमारी, सीता कुमारी, संतोषी कुमारी, चिरंजीव रजक, हीरालाल, आशीष, अमन मुंडा की मां शीला देवी, बड़े पिताजी प्रकाश मुंडा, बड़ी मां सरिता देवी, नानी सोहरी देवी, भाई कुंदन मुंडा, बहन लक्ष्मी कुमारी, धनंजय कुशवाहा, तारा देवी, झालो देवी, कोलामनी देवी सहित कई खेलप्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित थे। वहीं, बधाई देने वालों में कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष सहदेव मांझी, सचिव सुखसागर सिंह, कोषाध्यक्ष तुलेश्वर चौधरी, साइकलिंग एसोसिएशन के सचिव पूरन चंद राम सहित कई खेलप्रेमी शामिल हैं।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More