Koderma News: हाथी के उत्पात से लोग परेशान, मुर्गी फार्म में मचाई तबाही

कोडरमा थाना क्षेत्र के पथलडीहा गांव में बीती रात एक हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। झुंड से बिछड़े इस हाथी ने एक स्थानीय होटल में तोड़फोड़ की और वहां सो रहे कर्मी उपेंद्र साव को हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। एम्बुलेंस के समय पर न पहुंचने के कारण घायल को मोटरसाइकिल से अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसे रिम्स रेफर कर दिया गया है। साथ ही, हाथी ने एक मुर्गी फार्म को पूरी तरह नष्ट कर दिया, जिससे किसान को लाखों का नुकसान हुआ है। पिछले दो हफ्तों में हाथियों द्वारा कई लोगों और मवेशियों की जान लेने से ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।

कोडरमा: बीती रात झुंड से बिछड़ा एक हाथी कोडरमा थाना क्षेत्र के पथलडीहा गांव के पास पहुंच गया और यहां जमकर उत्पात मचाया। वहीं गांव से सटे एक होटल में हाथी पहुंच गया और वहां पहले तो तोड़फोड़ की उसके पश्चात वहां काम करने वाले एक कर्मी को बुरी तरह से जख्मी कर दिया। घायल कर्मी की पहचान मरकच्चो के रहने वाले 35 वर्षीय उपेंद्र साव उर्फ़ छोटू कुमार के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात हाथी होटल पर पहुंचा। 

इस वक्त वह होटल में ही विश्राम कर रहा था कि अचानक हाथी ने उस पर हमला बोल दिया जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। किसी प्रकार उसने आसपास के लोगों को आवाज देकर इकट्ठा किया। लोग वहां पहुंचे और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। हालांकि एंबुलेंस समय से नहीं पहुंची, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घायल को मोटरसाइकिल से ही सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया। जहां प्रारंभिक इलाज के पश्चात उपेंद्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। इधर शनिवार की सुबह पथलडीहा गांव के हुसैन आरिफ, जिनका एक मुर्गा फार्म उक्त होटल के पीछे ही अवस्थित है, वे वहां गए तो देखा कि वहां पर रखे सारे मुर्गे, मुर्गियां गायब थे। हाथी ने फार्म में रखे सारे बर्तनों को तहस नहस कर दिया था। उन्होंने बताया कि बीती रात हाथी के भय से वे फार्म पर नहीं गए। सुबह जाने पर वहां देखा कि हाथी ने वहां जमकर उत्पात मचाया है। 

उन्होंने कहा कि उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। पिछले वर्ष भी हाथियों ने उनका लाखों रुपए का नुकसान किया था, जिसका अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है। बताते चलें कि बीते दो हफ्ते से हाथी लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में विचरण कर रहे हैं। वहीं बीते दो सप्ताह पूर्व हाथियों ने तीन लोगों सहित आधे दर्जन मवेशियों को मौत के घाट उतार दिया है। हाथियों के द्वारा लगातार हो रहे हमले व नुकसान से लोगों में भय के साथ-साथ वन विभाग की टीम के खिलाफ काफी रोष भी दिख रहा है।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More