नेमरा में हेमंत सोरेन से मिले जी. किशन रेड्डी, भूपेश बघेल समेत कई नेता, मां रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि

रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन के बाद उनके पैतृक गांव नेमरा स्थित आवास पर शनिवार को शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव और गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी समेत कई नेताओं ने नेमरा पहुंचकर रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर संवेदना जताई।
यह भी पढ़े: CJP Protest LIVE: दिल्ली में 400 लोग हिरासत में, लेफ्ट और किसान नेता भी सड़कों पर उतरे
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। जी. किशन रेड्डी ने कहा कि मां का निधन बेहद दुखद होता है। उनकी कमी कोई पूरी नहीं कर सकता। उन्होंने इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पूरे परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की और हेमंत सोरेन से मुलाकात कर संवेदना जताई। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव और गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी भी नेमरा पहुंचे। दोनों ने रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री तथा उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार सुबह नेमरा स्थित अपने पैतृक आवास पर दिवंगत मां की स्मृति में पारंपरिक संस्कार रस्म निभाई। इस दौरान उन्होंने स्थानीय रीति-रिवाज के अनुसार दातून, पानी और भोजन अर्पित किया।

स्थानीय परंपरा के अनुसार, दिवंगत व्यक्ति की स्मृति में यह रस्म सुबह और शाम निभाई जाती है। मुख्यमंत्री ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पारंपरिक विधि-विधान और रीति-रिवाजों का पालन करते हुए यह पारिवारिक संस्कार संपन्न किया।


