Sahebganj News: आंधी-बारिश ने बिगाड़ा रामनवमी का जश्न, कई पूजा समितियों के गिरे गेट

साहिबगंज में रामनवमी का पर्व श्रद्धा और चुनौतियों के बीच मनाया गया। दिनभर की भीषण गर्मी और 25°C तापमान के बाद शाम को अचानक आई तेज आंधी और बारिश ने शहर में काफी नुकसान पहुँचाया। पूर्वी फाटक स्थित चैती दुर्गा मंदिर का मुख्य तोरण द्वार उखड़ गया, जिसे ठीक करने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। कई अखाड़ों के मंच और सजावट क्षतिग्रस्त हो गए, जिन्हें समितियां युद्धस्तर पर सुधारने में जुटी हैं। मौसम विभाग ने रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए विसर्जन जुलूस के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

साहिबगंज: प्रखंड मुख्यालय में रामनवमी के पावन पर्व पर पूरा शहर भक्ति और उत्साह में डूबा नजर आया, लेकिन मौसम ने इस बार अपना अलग रंग दिखाया। दिनभर तेज धूप और गर्मी ने लोगों को परेशान किया, लेकिन शाम ढलते ही मौसम ने करवट ली और पूरे माहौल को सुहाना बना दिया। रामनवमी की पूजा-अर्चना के दौरान दिन में तेज धूप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, इससे श्रद्धालु और लोग गर्मी से बेहाल हो गए। जगह-जगह लोग छांव और पानी की तलाश में नजर आए, लेकिन भक्ति का उत्साह कम नहीं हुआ और जय श्रीराम के नारों से पूरा शहर गूंजता रहा। 

लेकिन शाम होते ही मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। ठंडी हवाओं ने जहां लोगों को राहत दी तो वहीं कई जगहों पर रामनवमी के झंडों और सजावट को संभालना चुनौती बन गया। लोग झंडों को पकड़कर खड़े नजर आए, ताकि सुचारू रूप से व्यवस्था बनी रहे। देर रात कई अखाड़ों के मंच व कई मंदिर के तोरण द्वार टूट गए, जिसे देर रात तक संवारने का कार्य जारी रहा। पूर्वी फाटक के चैती दुर्गा का मुख्य तोरण द्वार का हिस्सा जड़ से उखड़ गया, जिसे जेसीबी मशीन की सहायता से शनिवार को ठीक किया गया। वहीं, कई अन्य पूजा-पंडालों को भी क्षति पहुंची है, जिसे संवारने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक तेज हवा के साथ बारिश न सिर्फ प्रखंड मुख्यालय, बल्कि जिले के अन्य प्रखंडों में भी दर्ज की गई। मौसम विभाग पहले से ही आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी कर चुका था। रविवार के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिन में जहां तेज धूप रहने की संभावना है, वहीं शाम के समय फिर तेज हवा और हल्की बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना रहेगा। रविवार को एक बार फिर बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में विसर्जन में शामिल होने वाले लोगों को सतर्क रहने और मौसम के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी गई है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More