Sahebganj News: मालदा-साहिबगंज रेलखंड पर रेलवे ने किया सुरक्षा अपग्रेड, अब 130 Km/h की गति से दौड़ेंगी ट्रेनें

साहिबगंज: मालदा-साहिबगंज-किऊल रेलखंड पर रेलवे ने बड़ा सुरक्षा अपग्रेड करते हुए 316.8 किलोमीटर लंबी वी-बीम मेटल फेंसिंग स्थापित कर दी है। यह फेंसिंग ट्रैक के दोनों किनारों पर लगाई गई है ताकि ट्रेनों की रफ्तार को 130 किलोमीटर प्रति घंटा तक सुरक्षित रूप से बढ़ाया जा सके। बता दें कि वी-बीम मेटल फेंसिंग एक आधुनिक सुरक्षा प्रणाली है, जो क्रैश बैरियर तकनीक पर आधारित है। यह सिस्टम मजबूत, टिकाऊ और कम रखरखाव वाला है, जो हर मौसम में प्रभावी रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य ट्रैक पर अनधिकृत प्रवेश को रोकना और मवेशियों या बाहरी कारणों से होने वाली दुर्घटनाओं को कम करना है।
इस कदम से न केवल ट्रेन संचालन तेज और सुचारू होगा, बल्कि यात्रियों को भी अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद सफर का अनुभव मिलेगा। मालदा- साहिबगंज-किऊल रेलखंड पूर्व रेलवे का महत्वपूर्ण रूट है, जो बिहार और पश्चिम बंगाल को जोड़ता है और बरहरवा, साहिबगंज, भागलपुर, जमालपुर, किऊल इसके मुख्य स्टेशन हैं। यह रूट बिहार-झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच एक प्रमुख कॉरिडोर है, जो तीनों राज्यों के बीच व्यापार और आवागमन को सुगम बनाता है। इस सुरक्षा अपग्रेड से इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा में वृद्धि होगी।


