Giridih News: जमुआ पंचमंदिर दुर्गा मंडप 1968 से बना श्रद्धालुओं की असीम आस्था का केंद्र

सजा हुआ जमुआ पंचमंदिर दुर्गा मंडप।

गिरिडीह: जमुआ प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचमंदिर दुर्गा मंडप इस वर्ष भी पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए असीम आस्था और भक्ति का केंद्र बना हुआ है। वर्ष 1968 से निरंतर आयोजित हो रही यह दुर्गा पूजा अपनी 58 वर्षों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, धार्मिक निष्ठा और भव्य मेले के लिए पूरे इलाके में प्रसिद्ध है।

​स्थापना का इतिहास और यजमान बनने की परंपरा

​दुर्गा मंडप की स्थापना वर्ष 1968 में जमुआ के तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रमाकांत वर्मा और उनकी धर्मपत्नी लीलावती वर्मा के द्वारा की गई थी। शुरुआत में प्रखंड कार्यालय के प्रशासनिक पदाधिकारी व कर्मचारी ही पूजा में मुख्य यजमान के रूप में बैठते थे। हालांकि, समय के साथ बीडीओ के प्रशासनिक कार्यों में व्यस्तता बढ़ने के कारण यह ज़िम्मेदारी स्थानीय ग्रामीणों ने संभाल ली और तब से अब तक ग्रामीण ही पूरे नियम-निष्ठा के साथ यजमान की भूमिका निभाते आ रहे हैं।

​वैष्णवी रीति-रिवाज और धार्मिक मान्यता

जमुआ पंचमंदिर दुर्गा मंडप में ललन पांडेय आदि के द्वारा श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना कराया जाता हैं। ललन पांडेय ने बताया कि, जमुआ पंचमंदिर में शुरुआत से ही पूर्णतः वैष्णवी रीति- रिवाज से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जाती है। नवरात्र का शुभारंभ होते ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब जाता है। एकादशी तक चलने वाले इस पूजनोत्सव में श्रद्धालुओं की अपार श्रद्धा देखते ही बनती है। ​जमुआ पंच मंदिर दुर्गा पूजा के लाइसेंस धारी राजेंद्र राय हैं।

​बैलगाड़ी के दौर से अब तक का सफर और भव्य मेला

​ बुज़ुर्गों के अनुसार, शुरुआती दौर में दूर-दराज के गांवों से लोग बैलगाड़ियों में बैठकर मेला देखने और मां दुर्गा के दर्शन करने पहुंचते थे। आज भी इस मेले का आकर्षण और उत्साह वैसा ही बना हुआ है। मेले में जमुआ, हरला, पेटहंडी, पोबी, धुरेता, बाटी, नावाडीह और चरघरा सहित दर्जनों गांवों के हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन माता के दर्शन और मेले का आनंद लेने पहुंचते हैं।

​मनमोहक साज-सज्जा और शांतिपूर्ण आयोजन

​हर वर्ष पंचमंदिर दुर्गा मंडप और आसपास के प्रमुख मार्गो जमुआ भाया कोडरमा रोड़, जमुआ भाया देवघर रोड़, जमुआ भाया चितरडीह रोड़, जमुआ भाया द्वारपहरी रोड़ पर भव्य और आकर्षक विद्युत सज्जा की जाती है, जो रात के समय बेहद खूबसूरत दृश्य प्रस्तुत करती है। नवयुवक और समिति के सदस्य तन-मन-धन से आयोजन को सफल बनाते हैं। शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए युवा विशेष सहयोग देते हैं।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More