Ranchi News : कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने विश्वविद्यालय के लेखा व परीक्षा विभाग के साथ की अहम बैठक
-1024x614.jpeg)
रांची : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची के कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने आज पूर्वाह्न 10 बजे और अपराह्न 2 बजे विश्वविद्यालय के लेखा विभाग एवं परीक्षा विभाग में अपनी अध्यक्षता में दो महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया।
सर्वप्रथम उन्होंने लेखा विभाग के अंतर्गत वित्त अधिकारी डॉ. अनीता मेहता एवं विभाग के कर्मियों के साथ गहन संवाद और परामर्श कर विश्वविद्यालय की वित्तीय स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विभिन्न आधारभूत संरचनाओं एवं आगामी प्रशासनिक और अकादमिक विस्तार के लिए वित्तीय स्थिति की अद्यतन जानकारी अत्यंत आवश्यक है। यह बैठक काफी सारगर्भित रही और भविष्य में इसके सकारात्मक परिणाम दृष्टिगत होंगे।
इसके उपरांत उन्होंने अपराह्न 2 बजे विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में एक अन्य बैठक आयोजित कर परीक्षा संबंधी गतिविधियों की अद्यतन जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आगामी परीक्षाओं, परिणामों एवं विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं पर विचार-विमर्श करते हुए सभी कार्यों के शीघ्र और सही निष्पादन पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि वे अपनी प्रशासनिक कार्यप्रणाली में विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लक्ष्यों का निर्धारण करते हुए विश्वविद्यालय की निरंतर प्रगति पर केंद्रित रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ही विश्वविद्यालय की विभिन्न समस्याओं का त्वरित समाधान संभव है।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. धनंजय द्विवेदी एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. शुचि संतोष बरवार उपस्थित रहे। यह जानकारी पीआरओ डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी।


