Ranchi News: प्रो. एम. एल. श्रॉफ की जयंती पर एसबीयू में हुआ ‘फार्मा अन्वेषण 2026’ का भव्य आयोजन

सरला बिरला विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग ने नेशनल फार्मेसी एजुकेशन डे के अवसर पर 'फार्मा अन्वेषण 2026' का सफल आयोजन किया। प्रो. एम. एल. श्रॉफ की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में फार्मेसी काउंसिल के विशेषज्ञों ने छात्रों को पीसीआई पंजीकरण, शोध, नवाचार और ई-प्रिस्क्रिप्शन जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों द्वारा लिखित पुस्तक का लोकार्पण भी हुआ।

रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग द्वारा आज नेशनल फार्मेसी एजुकेशन डे के अवसर पर ‘फार्मा अन्वेषण 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन फादर ऑफ फार्मेसी प्रो. एम. एल. श्रॉफ की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया और झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के कार्यकारी सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने पीसीआई पंजीकरण, फार्मासिस्ट की भूमिका एवं फार्मेसी के व्यापक अवसरों पर विस्तार से चर्चा की। झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के निबंधक प्रशांत कुमार पांडेय ने फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। बीआईटी मेसरा के डिपार्टमेंट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के प्रो. के. जयराम कुमार ने पारंपरिक चिकित्सा, शोध, नवाचार एवं पेशेवर नैतिकता पर बल दिया।  

कार्यक्रम में सरला बिरला विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने फार्मा इकोसिस्टम, शोध की आवश्यकता, नियामक संस्थाओं की भूमिका तथा ई-प्रिस्क्रिप्शन जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं पर अपना विचार व्यक्त किया। कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति, सहयोगात्मक एवं परिणाम-आधारित शोध तथा मूल्य-आधारित शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया का आधिकारिक वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। पोस्टर, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं—राहुल देब बर्मन, प्रिंसी साहू, शशांक कुमार गुप्ता, अदिति अग्रवाल, अटिका, काव्या चौहान, कुमार विजय, रोशनी, रौनक, आदित्य कुमार साहू एवं सिम्पी सोनी को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार वितरण निशा कुमारी सिंह द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन इवेंट कोऑर्डिनेटर निशा कुमारी सिंह एवं संतोष कुमार द्वारा किया गया। मंच संचालन अंजली मिश्रा एवं सुरुचि गुप्ता द्वारा किया गया। स्वागत भाषण डॉ. शुभ्रजीत मंत्री और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सबिता कुमारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों द्वारा प्रकाशित पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। एसबीयू के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान एवं राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने इस कार्यक्रम के आयोजन पर हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामना संदेश प्रेषित किया है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More