Koderma News: ग्रिजली विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक बैठक पर दो दिवसीय विज्ञान व रोबोटिक्स प्रदर्शनी आयोजित

प्रदर्शनी का अवलोकन करते सीईओ व प्राचार्या।

कोडरमा: तिलैया डैम स्थित ग्रिजली विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक बैठक के अवसर पर विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, गणित एवं रोबोटिक्स विषयों पर दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। ओवरऑल इंचार्ज प्रीति जगनानी के समन्वय एवं मार्गदर्शन में आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच, तकनीकी दक्षता एवं व्यावहारिक ज्ञान का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न कार्यशील एवं नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए।

प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित ज्ञान को प्रयोग, मॉडल निर्माण एवं तकनीक के माध्यम से वास्तविक जीवन की परिस्थितियों से जोड़ना था। प्री-प्राइमरी के नन्हे विद्यार्थियों ने ‘ग्रिजली एयरपोर्ट’ एवं ‘जल परिवहन’ जैसे मॉडल प्रस्तुत कर अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया।

विज्ञान वर्ग में विद्यार्थियों ने दैनिक जीवन से जुड़े वैज्ञानिक सिद्धांतों को कार्यशील मॉडलों के माध्यम से प्रस्तुत किया। सिद्धांत बालियान एवं समूह का ‘रेन वाटर सेंसर’ प्रमुख आकर्षण रहा, जबकि कक्षा सात के विद्यार्थियों ने ‘स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक’ के माध्यम से दृष्टिबाधित लोगों की सहायता में तकनीक की उपयोगिता दिखाई। विद्यार्थियों ने ‘मार्स सर्वाइवल स्टेशन’, ‘थर्मल पावर प्लांट’, ‘मानव पाचन तंत्र’ एवं ‘हाइड्रोलिक ब्रिज’ जैसे विभिन्न मॉडल भी प्रस्तुत किए।

सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने परिवहन, भूगोल, शासन व्यवस्था, तकनीक एवं राष्ट्रीय विकास से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किए। आयुष सिन्हा एवं समूह ने ‘चंद्रयान प्रक्षेपण’, रजनीश कुमार एवं समूह ने ‘भारत के राज्य एवं उनकी राजधानियां’, जबकि जीत गोराई एवं समूह ने भारत की भौतिक विशेषताओं पर आधारित त्रि-आयामी राहत मानचित्र प्रस्तुत किया। इसके अलावा ‘स्मार्ट विलेज’, ‘जल चक्र’, ‘डिजास्टर अलर्ट’ एवं इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन जैसे मॉडल भी आकर्षण का केंद्र रहे।

गणित वर्ग में विद्यार्थियों ने कठिन अवधारणाओं को सरल एवं दृश्यात्मक रूप में प्रस्तुत किया। ‘मैथ्स पार्क’, ‘एलसीएम एवं एचसीएफ’, त्रिभुजों के गुणों का सत्यापन, ग्राफ एवं प्रायिकता, परिमेय संख्याएं, सममिति तथा वृत्त के क्षेत्रफल से संबंधित मॉडल विद्यार्थियों की समझ एवं रचनात्मकता को दर्शाते रहे। प्रदर्शनी में रोबोटिक्स वर्ग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रीति जगनानी के समन्वय एवं कुणाल अंबष्ट के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने प्रोग्रामिंग, स्वचालन एवं तकनीक के माध्यम से वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान प्रस्तुत किए।

‘ग्रिजली काइनेटिक केयर’ टीम ने ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस की अवधारणा प्रस्तुत की। ‘रेजिलिएंस नेट’ टीम ने बाढ़ एवं भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं की निगरानी के लिए वेब ऐप विकसित किया। ‘साइन ब्रिज एआई’ टीम ने सांकेतिक भाषा को बोले गए शब्दों में परिवर्तित करने की दिशा में कार्य करने वाला एंड्रॉयड ऐप प्रस्तुत किया। वहीं ‘सेंट्रा एआई’ टीम ने आपातकालीन परिस्थितियों में अलर्ट जारी करने एवं स्थान साझा करने की क्षमता वाला पॉकेट-साइज उपकरण प्रस्तुत किया। अंशिका सिंह के मार्गदर्शन में ‘ग्रिजली बेबी मॉनिटरिंग सिस्टम’ भी प्रस्तुत किया गया, जिसका उद्देश्य शिशुओं की निगरानी में अभिभावकों की सहायता करना है।

इस अवसर पर विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता एवं प्राचार्या अंजना कुमारी ने संयुक्त रूप से कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां विद्यार्थियों को अपने ज्ञान को प्रदर्शित करने के साथ-साथ वास्तविक जीवन की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए सोचने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडल उनकी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं नवाचार की क्षमता को दर्शाते हैं।

प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे अभिभावकों, शिक्षकों एवं आगंतुकों ने विद्यार्थियों के प्रयास, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास की सराहना की। विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडल की कार्यप्रणाली समझाते हुए आगंतुकों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए। विभिन्न विषयों के शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट तैयार किए और उन्हें प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। आयोजन ने विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष की पढ़ाई से आगे बढ़कर प्रयोग, मॉडल निर्माण, तकनीक एवं समस्या-समाधान के माध्यम से ज्ञान को व्यवहारिक रूप में लागू करने का अवसर प्रदान किया।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों में सारिका देवी, श्रुति प्रसाद, संदीप कुमार चौधरी, विकास यादव, मृण्त्युंजय कुमार, रमाकांत गुप्ता, वीणा भदानी, अभिलाष प्रकाश, समिधा सिन्हा, अखिलेश कुमार पांडेय, विकास कुमार, दीपक कुमार केशरी, टिंकू कुशवाहा, नरेश कुमार यादव, जलालुद्दीन अहमद, दीपक सोनी, वेदा तेजपाल, सौरव केशरी, शालिनी सिन्हा, वीरेंद्र कुमार, एम.डी. इकबाल, रोहित कुमार रौशन, संयोजक अनुराग कुमार सिंह, शिक्षक बिट्टू, सदफ नाज़, कुणाल अंबष्ट, सदन कुमार, संजय कुमार राय, सिंपल शर्मा एवं कृष्ण कुमार शामिल रहे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More