Sahebganj News: गर्मी के मौसम में पटरियों के रख-रखाव पर तकनीकी संगोष्ठी आयोजित

बरहरवा: रेलवे स्टेशन स्थित रेल पथ कार्यालय में “गर्मी के मौसम में पटरियों का रखरखाव” विषय पर हिंदी में तकनीकी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बरहरवा रेलवे स्टेशन के विभिन्न कार्यालयों के कर्मचारियों ने भाग लिया। सीनियर सेक्शन इंजीनियर एसएल मड़ैया ने मालदा मंडल के राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित इस हिंदी तकनीकी संगोष्ठी की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजभाषा में तकनीकी संगोष्ठी के आयोजन से तकनीकी विषयों पर सीधी और सरल भाषा में जानकारी प्रदान की जा सकती है।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेल पथ) शशिकांत कुमार- तीनपहाड़ और बरहरवा के कनीय अभियंता सैयदुल हक ने गर्मी के मौसम में पटरियों के रख-रखाव तथा इस दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि तकनीकी विषयों की बेहतर समझ विकसित करने के लिए हिंदी माध्यम से आयोजित ऐसी तकनीकी संगोष्ठियाँ कार्मिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होती हैं।


