AJSU ने छात्र अधिकारों पर पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा, JTET परीक्षा में देरी पर सवाल

रांची : AJSU पार्टी के केंद्रीय सचिव, स्टार्टअप एसोसिएशन के सचिव सह कंपनी सेक्रेटरी ऑफ इंडिया के पूर्व चेयरमैन सीएस रोहित प्रकाश प्रीत ने AJSU के छात्र नेता बबलू महतो पर हुए पुलिस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस घटना को छात्रों के खिलाफ बर्बरता पूर्ण कार्रवाई करार देते हुए गहरा रोष व्यक्त किया।
रोहित प्रकाश प्रीत ने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों को अपनी आवाज उठाने पर इस तरह की हिंसक कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि “आखिर यह कैसी लोकतांत्रिक व्यवस्था है, जहां अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने वाले छात्रों को सरकार अपने तंत्र के माध्यम से कुचलने का प्रयास करती है”

उन्होंने झारखंड की वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को यह बिल्कुल भी स्वीकार नहीं हो रहा है कि छात्र अपने हक और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएं। AJSU पार्टी इसे छात्रों के अधिकारों का हनन मानती है और इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
रोहित ने JTET परीक्षा में हो रही देरी को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि “आखिर JTET की परीक्षा में इतना विलंब क्यों हो रहा है? क्या छात्रों द्वारा समय पर परीक्षा कराने की मांग करना गलत है?” उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों की यह मांग पूरी तरह जायज है और सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि AJSU पार्टी के प्रमुख माननीय सुदेश महतो हमेशा से छात्र हितों के पक्षधर रहे हैं और छात्र आंदोलनों को मजबूती देने का काम करते आए हैं। पार्टी आने वाले समय में छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य के साथ हो रहे किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ निर्णायक संघर्ष करेगी।
अंत में, रोहित प्रकाश प्रीत ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही JTET परीक्षा और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो AJSU पार्टी व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।


