साहिबगंज में गैस की किल्लत, कोयले की अंगीठी ने फिर पकड़ी रफ्तार

साहिबगंज : प्रखंड मुख्यालय इन दिनों एक बार फिर से धुएं की चपेट में है। एलपीजी गैस की कीमतों में आई अप्रत्याशित उछाल और बाजार में मची भारी किल्लत ने छोटे दुकानदारों को कोयले की अंगीठी सुलगाने पर मजबूर कर दिया है। होटल और रेस्त्रां चलाने वाले कारोबारियों का कहना है कि महज 3-4 दिनों के भीतर छोटू सिलिंडर की रिफिलिंग दरें 100 रुपये से बढ़कर 160 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई हैं। वहीं, कामर्शियल सिलेंडर पर लगे पाबंदी के बाद 100 रुपये प्रतकिलो के भाव से मिलने वाला गैस अब 320 रुपये प्रतिकिलो के भाव पर मिल रहा है, वह भी सिर्फ पांच से दस किलो के सिलिंडर में ही।
रिफिलिंग सेंटर्स पर जारी कालाबाजारी ने स्टेशन चौक, एलसी रोड, पूर्वी फाटक से लेकर साक्षरता मोड़ तक के ‘फूड कॉर्नर्स’ की कमर तोड़ दी है। जो दुकानदार कल तक गैस बर्नर पर फटाफट ऑर्डर तैयार करते थे आज वे मजबूरन कोयले की अंगीठी सुलगा रहे हैं। दुकानदार आनंद रमानी ने बताया कि छोटू सिलिंडर अब हमारी औकात से बाहर हो गया है। तीन दिन पहले तक 100 रुपये किलो गैस मिल रही थी आज रिफिलिंग सेंटर पर ताले लटके हैं। जहां मिल भी रही है वहां 160 से 170 रुपये मांगे जा रहे हैं। इतनी लागत में नाश्ता बेचना घाटे का सौदा है।
वहीं, फास्ट फूड की दुकान चलाने वाले अमित गुप्ता ने बताया कि 19 किलो के कॉमर्शियल सिलिंडर तीन दिन पहले तक 97 रुपये प्रतकिलो के भाव पर मिल रहा था। आज बड़ी मुश्किल से पांच किलो का सिलिंडर मिला है जिसकी कीमत 310 रुपये प्रतिकिलो के भाव पर पड़ा है। ऐसे में दुकानदारी चलाना संभव नहीं।




