Sahebganj News: हल्के मेघ गर्जन और मध्यम हवा के साथ हल्की बारिश

साहिबगंज: प्रखंड क्षेत्र में बुधवार की मध्यरात्रि और गुरुवार की अहले सुबह हल्के मेघ गर्जन और मध्यम हवा के साथ हल्की बारिश हुई। बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया, वहीं तेज हवा के साथ बादलों की गरज सुनाई दी। अचानक हुई इस बारिश से लोगों को थोड़ी देर के लिए असुविधा का सामना करना पड़ा, लेकिन गर्मी से राहत भी मिली। स्थानीय किसानों का कहना है कि इस समय आम, लीची, सहजन के पेड़ों में मंजर (फूल) लगे हुए हैं। ऐसे समय में हल्की बारिश होने से मंजर को नमी मिलती है, जिससे इन फसलों के फलन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
क्षेत्रीय किसानों के अनुसार, यदि मौसम अनुकूल बना रहा तो इस वर्ष आम, लीची, नींबू और सहजन की अच्छी पैदावार होने की उम्मीद है। इसके अलावा खेतों में लगी रवि फसलों के लिए भी यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है। इसके अलावा गेहूं, चना, सरसों और अन्य फसलों को हल्की नमी मिलने से उनकी वृद्धि में मदद मिल सकती है। किसानों ने बताया कि इस प्रकार की हल्की बारिश फसलों के लिए प्राकृतिक सिंचाई का काम करती है। हालांकि बारिश के दौरान कुछ समय के लिए लोगों को आवागमन में हल्की परेशानी हुई, लेकिन कुल मिलाकर यह बारिश किसानों के लिए राहत भरी मानी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर आने वाले दिनों में मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा तो इन फसलों के उत्पादन में बढ़ोतरी की संभावना है।


