Dumka News: चुटो पहाड़ के समीप दर्दनाक सड़क हादसा, मासूम बच्चे सहित दो की मौत

दुमका: मसलिया मुख्य मार्ग पर जामा थाना क्षेत्र के चुटो पहाड़ के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बच्चे के माता-पिता आंशिक रूप से घायल हो गए। हादसा दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार बंटी कुमार यादव अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ बाइक से दलाही स्थित ससुराल से दुमका के दुधानी कुरूवा स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चुटो पहाड़ के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम बच्चे और दूसरी बाइक के चालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं बच्चे के माता-पिता का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दूसरी बाइक के मृत चालक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


