Sahebganj News: जैप-9 परिसर में वन्यजीव सप्ताह पर आयोजित हुआ सर्पदंश जागरूकता सह सर्प संरक्षण कार्यक्रम

साहिबगंज: वन्यजीव सप्ताह 2026 को खास बनाने के लिए जैप-9 परिसर में एक अनोखा सर्पदंश जागरूकता सह सर्प संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मकसद साफ था – सांप काट ले तो घबराना नहीं है, सही कदम उठाना है। मुख्य वक्ता सर्प मित्र जितेंद्र हजारी ने लोगों को समझाया कि सांप दिखे तो मारना नहीं, बल्कि सह-अस्तित्व जरूरी है। उन्होंने बताया कि सर्पदंश पर क्या करें और क्या बिल्कुल न करें। उनके साथ ऋत्विक पासवान ने भी बचाव के तरीकों का डेमो दिया।
वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग ने बताया कि सांपों के जहर दो तरह के होते हैं। पहला हेमोटॉक्सिन जो खून पर असर करता है और दूसरा न्यूरोटॉक्सिन जो नर्वस सिस्टम को जाम करता है। अलग-अलग सांप का जहर अलग असर दिखाता है, इसलिए झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़कर तुरंत डॉक्टर के पास पहुंचना ही जान बचाता है।
सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने भरोसा दिलाया कि समय पर मरीज पहुंचे तो साहिबगंज सदर अस्पताल में एंटी वेनम सहित सारी सुविधाएं मौजूद हैं। डीएस (प्रशासनिक प्रभार) डॉ. मुकेश कुमार ने अस्पताल में होने वाले पूरे प्रोटोकॉल को विस्तार से समझाया। कार्यक्रम के अंत में जैप-9 डीएसपी अजय केरकेट्टा और डीएसपी मनोज झा जैप- 9 ने पौधारोपण कर वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। मंच का संचालन नमामि गंगे के जिला परियोजना पदाधिकारी अमित मिश्रा ने किया। मौके पर वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे, वन परिसर पदाधिकारी राणा रंजीत चौधरी, उप वन परिसर पदाधिकारी अंकित झा समेत वन विभाग और जैप- 9 के कई जवान मौजूद रहे।


