Koderma News: सेक्रेड हार्ट स्कूल के बच्चों ने IIT मुंबई के नेशनल एंटरप्रेन्योर चैलेंज में दिखाया हुनर

प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद उप प्राचार्य प्रवीण कुमार, अमृत झा और छात्र।

कोडरमा: किताबों में पढ़े विचारों को अपने हुनर, कल्पनाशक्ति और आत्मविश्वास के साथ वास्तविक दुनिया के समाधान में बदलने का जज्बा सेक्रेड हार्ट स्कूल के विद्यार्थियों में देखने को मिला। नेशनल एंटरप्रेन्योर चैलेंज जूनियर 2.0, इ-सेल, आईआईटी मुंबई के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी उद्यमशील सोच और रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।

एनईसी जूनियर के तहत विद्यार्थियों ने स्टार्टअप पिच प्रतियोगिता और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाई। स्टार्टअप पिच प्रतियोगिता में मिडिल एवं सीनियर स्कूल के कुल 54 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, तकनीक, डिजिटल सेवाओं, प्लास्टिक अपशिष्ट के पुनर्चक्रण, शहरी विकास और आधुनिक तकनीकी समाधान जैसे विषयों पर अपने अभिनव विचार प्रस्तुत किए।

कई विद्यार्थियों ने अपने विचारों को बिजनेस मॉडल, प्रोटोटाइप और प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से सामने रखा। विद्यालय की विशेष प्रार्थना सभा में इन प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को IIT Bombay द्वारा जारी प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर उनकी मेहनत और प्रतिभा की सराहना की। इस दौरान पूरी सभा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी।

स्टार्टअप पिच प्रतियोगिता के मिडिल स्कूल वर्ग (कक्षा 6 से 8) में प्रत्युषा शर्मा ने प्रथम, रेहान अंसारी ने द्वितीय तथा आराध्या श्री ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रत्युषा ने इनफ़ोसिस कंपनी, रेहान ने डिजिटल सर्विस एजेंसी और आराध्या ने री-सर्किट जैसे विचार प्रस्तुत किए। वहीं सीनियर स्कूल वर्ग (कक्षा 9 से 12) में कौस्तुभी काव्या एवं साक्षी सिंह की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

सुधांशु कुमार एवं स्वारित कुमार द्वितीय तथा अनुष्का सिंह एवं प्रियंशु राज तृतीय स्थान पर रहे। विद्यार्थियों ने क्रमशः व्रैप टू वर्थ, नेक्सस और रीबिल्ड जैसे विचारों के माध्यम से अपनी सोच और प्रस्तुति कौशल का परिचय दिया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के मिडिल स्कूल वर्ग में दीपा शर्मा एवं हुमैरा अली ने प्रथम, प्रत्युषा शर्मा एवं नव्या पांडेय ने द्वितीय तथा दिव्यांशु भारती एवं नंदिनी कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। सीनियर स्कूल वर्ग में अनुष्का सिंह एवं प्रियंशु राज ने प्रथम, कौस्तुभी काव्या एवं साक्षी सिंह ने द्वितीय तथा परी कसेरा एवं साक्षी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि हर बच्चे के भीतर कुछ नया करने की क्षमता होती है। विद्यालय का दायित्व केवल उन्हें जानकारी देना नहीं, बल्कि उनके विचारों को मंच और अवसर देना भी है। एनईसी जूनियर जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को समस्याओं को पहचानने, उनके समाधान के बारे में सोचने और अपने विचारों को आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने रखने का अवसर देती हैं।

उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नए अवसर पैदा करने वाला युवा बने , यही शिक्षा की दिशा होनी चाहिए। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों के साथ-साथ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को भी बधाई दी और कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना स्वयं में एक बड़ी उपलब्धि है।

विद्यालय के उप प्राचार्य प्रवीण कुमार तथा अमृत शंकर झा के समन्वय में आयोजित इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों को सीखने का ऐसा अनुभव दिया, जिसमें कक्षा की पढ़ाई सीधे वास्तविक जीवन की चुनौतियों से जुड़ी। विद्यार्थियों ने न केवल प्रतियोगिता जीती, बल्कि सोचने, प्रश्न करने, टीम के साथ काम करने और अपने विचार को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का आत्मविश्वास भी हासिल किया। सेक्रेड हार्ट स्कूल परिवार ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल और सृजनात्मक भविष्य की कामना की।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More