मॉडल कॉलेज में सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर साइबर जागरूकता कार्यशाला

साहिबगंज : मॉडल कॉलेज राजमहल, में (सिद्धो-कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका, झारखंड की अंगीभूत इकाई) के सेमिनार सभागार में राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर “कृत्रिम बुद्धिमत्ता सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग” विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रणजीत कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि प्रत्येक वर्ष फरवरी माह के दूसरे मंगलवार को सुरक्षित इंटरनेट दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से छात्र-छात्राओं और युवाओं को ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर जागरूकता और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के प्रति सचेत करना है। इस अवसर पर डिजिटल साक्षरता और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया। साथ ही नेशनल ‘AI लिटरेसी कैंपेन तथा भारत में कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ के बढ़ते उपयोग पर संक्षिप्त जानकारी दी गई। वक्ताओं ने एआई के प्रमुख घटकों—मशीन लर्निंग, प्राकृतिक भाषा प्रसंस्करण और जेनरेटिव एआई- पर चर्चा करते हुए इसके सुरक्षित एवं नैतिक उपयोग पर बल दिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. रणजीत कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इंटरनेट और एआई का प्रयोग सोच-समझकर, जिम्मेदारी के साथ करें तथा साइबर सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाएं। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही डिजिटल युग में सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं एवं NSS स्वयंसेवकों- मीठी कुमारी, सिफा और प्रसेनजीत ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का मंच संचालन NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रमजान अली ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अमित कुमार द्वारा किया गया। कार्यशाला में सभी विभागों के प्राध्यापक, शिक्षकेतर कर्मचारी, NSS स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं, जिससे कार्यक्रम सफल और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।


