उत्कृष्ट जागरूकता कार्य के लिए पुरुस्कृत हुए साहिबगंज-पाकुड़ डीटीओ

साहिबगंज: “राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह- 2026” के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर उत्कृष्ट एवं सराहनीय जागरूकता कार्य करने के लिए साहिबगंज सह पाकुड़ जिला के जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मिथिलेश कुमार चौधरी को रांची में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। यह सम्मान जिला परिवहन कार्यालय द्वारा किए गए प्रभावी जागरूकता अभियानों और क्रियान्वयन के लिए दिया गया।
रांची से लौटने के बाद डीटीओ मिथिलेश कुमार चौधरी ने बताया कि साहिबगंज और पाकुड़ जिले में उपायुक्त के निर्देशन में सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार सड़क सुरक्षा और सुरक्षित यातायात को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इन अभियानों का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति सजग करना है। जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि आने वाले दिनों में साहिबगंज और पाकुड़ जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीवन अनमोल है और छोटी सी लापरवाही से किसी की पूरी जिंदगी तबाह हो सकती है।
उन्होंने यह भी बताया कि कई लोग जागरूकता के अभाव में दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, जबकि कुछ लोग जान-बूझकर यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सड़क दुर्घटना में गोल्डन आवर के दौरान घायल की जान बचाने वाले गुड सेमेरिटन को केंद्र सरकार की राहवीर योजना के तहत ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। डीटीओ ने स्पष्ट किया कि दुर्घटना में किसी की जान बचाने वाले व्यक्ति से पुलिस द्वारा किसी प्रकार की पूछ-ताछ नहीं की जाएगी, बल्कि उन्हें सम्मान और पुरस्कार दिया जाएगा।


