Koderma News: खाद्य सुरक्षा विभाग और तंबाकू नियंत्रण टीम ने बाजार में चलाया सघन जांच अभियान

कोडरमा: उपायुक्त के निर्देश एवं विभागीय आदेश के आलोक में मंगलवार को कोडरमा बाजार और जयनगर मोड़ क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी तथा एनसीडी सेल की जिला तंबाकू नियंत्रण टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर खाद्य सुरक्षा मानकों और कोटपा अधिनियम, 2003 के अनुपालन की जांच की। अभियान के दौरान ढाबा, ठेला-खोमचा, किराना दुकान सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया गया। जांच में कुछ दुकानों पर जलेबी, लड्डू और छोले में अखाद्य रंग के इस्तेमाल की बात सामने आई।
संबंधित खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। टीम ने बिना फूड लाइसेंस कारोबार कर रहे दुकानदारों को तत्काल लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया। साथ ही पैकेज्ड खाद्य सामग्री पर फूड लाइसेंस संख्या, निर्माता का नाम-पता, निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने को कहा गया। खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता मानकों का पालन करने तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही बेचने की हिदायत दी गई।
फूड स्टॉल, कार्ट और ठेलों पर फूड लाइसेंस प्रमुखता से प्रदर्शित करने तथा एक्सपायरी, बासी या सड़ी-गली खाद्य सामग्री तत्काल हटाकर नष्ट करने का निर्देश दिया गया। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं फूड स्टॉल संचालकों को पनीर, खोआ, मिठाई समेत अन्य खाद्य सामग्री केवल विश्वसनीय और लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों से पक्का बिल लेकर खरीदने को कहा गया।
बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों को नजदीकी प्रज्ञा केंद्र अथवा सदर अस्पताल स्थित खाद्य सुरक्षा कार्यालय में आवेदन करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगली जांच में बिना लाइसेंस कारोबार पाए जाने पर अर्थदंड की कार्रवाई की जाएगी। गलत जानकारी देकर लाइसेंस प्राप्त करने वालों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन और अर्थदंड की कार्रवाई भी की जाएगी।
खुली सिगरेट और गुटखा बेचने पर जुर्माना
अभियान के दौरान कुल 22 दुकानों की जांच की गई। इनमें तीन दुकानों में खुली सिगरेट और गुटखा की बिक्री पाए जाने पर कुल 900 रुपये का जुर्माना वसूला गया। दुकानदारों को बताया गया कि खुली सिगरेट और तंबाकू उत्पादों की बिक्री कोटपा अधिनियम का उल्लंघन है। टीम ने सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और अस्पतालों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने तथा निर्धारित चेतावनी संबंधी पोस्टर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद एवं उमेश कुमार, जिला तंबाकू परामर्शी दीपेश कुमार तथा कोडरमा थाना के आरक्षी प्रमोद ओझा एवं जमील अहमद सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।


