Ranchi News: राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पदयात्रा और साइकिल रैली का आयोजन

मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रांची में पदयात्रा और साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करना था।

रांची : मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर दिनांक 25 जनवरी 2026 को रांची में “राष्ट्रीय मतदाता दिवस पदयात्रा एवं साइकिल रैली” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “माय भारत माई वोट (MY Bharat My Vote)” रही, जिसका उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं, की सक्रिय एवं जागरूक भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम का आयोजन साई सेंटर, गेट संख्या-16, बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी से प्रारंभ हुआ। पदयात्रा मुख्य स्थल से प्रारंभ होकर ऑक्सीजन पार्क, राजकीय अतिथिशाला, रेड क्रॉस, बापू वाटिका, राजकीय पुस्तकालय होते हुए पुनः गेट संख्या-16, साई सेंटर, रांची में समाप्त हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सी.पी. सिंह, विधायक रांची उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. आशा लकड़ा, सदस्य, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग; ललिता कुमारी, राज्य निदेशक, मेरा युवा भारत, झारखंड; तथा बादल राज, जिला शिक्षा अधीक्षक, रांची उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण, रांची के सहयोग से किया गया।

इस अवसर पर भारतीय खेल प्राधिकरण के वरीय कोच जगन टोपनो, रोशन कुमार (जिला युवा अधिकारी, रांची), डॉ. कमल कांत बॉस, डॉ. गौरव अग्रवाल, विवेकानंद यूथक्वेक फाउंडेशन के अध्यक्ष, 26 बटालियन एस.एस.बी. एवं सी.आई.एस.एफ. के पदाधिकारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राज्य निदेशक ललिता कुमारी द्वारा सभी अतिथियों के स्वागत एवं कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालने के साथ हुई। मुख्य अतिथि ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारा कर्तव्य भी है। युवाओं का एक-एक वोट देश का भविष्य तय करता है। विशिष्ट अतिथि ने कहा कि जागरूक मतदाता से ही सशक्त लोकतंत्र का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि सभी अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करें।

राज्य निदेशक, मेरा युवा भारत, झारखंड ने सभी युवा नागरिकों से अपील की कि वे मतदान में अवश्य भाग लें और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। तत्पश्चात युवाओं को मतदान की प्रतिज्ञा दिलाई गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में अशोक कुमार मंडल, आसिफ सहित अन्य युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More