Koderma News : ग्रिज़ली विद्यालय के आयुष सिन्हा ने विद्यार्थी विज्ञान मंथन में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया

कोडरमा के ग्रिज़ली विद्यालय कक्षा 7 के छात्र आयुष सिन्हा ने विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2025 में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर गौरव बढ़ाया।

कोडरमा : ग्रिज़ली विद्यालय के कक्षा 7 के मेधावी छात्र आयुष सिन्हा ने विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2025 में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए विद्यालय, जिले एवं परिवार का नाम रोशन किया है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आयुष का राष्ट्रीय स्तर के लिए भी चयन हुआ है, जो ग्रिज़ली विद्यालय समुदाय के लिए विशेष गर्व का क्षण है। विद्यार्थी विज्ञान मंथन देश की सबसे बड़ी डिजिटल आधारित विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करना है।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता विज्ञान भारती द्वारा राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार) तथा राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित की जाती है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 11 जनवरी को केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान (सीआईएमएफआर), धनबाद में हुआ।

आयुष की इस उल्लेखनीय उपलब्धि में उनकी मेंटर एवं विज्ञान शिक्षिका शालिनी सिन्हा के कुशल मार्गदर्शन का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने उनकी वैज्ञानिक जिज्ञासा, तार्किक सोच और विषयगत समझ को निरंतर प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता ने आयुष को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उसकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का परिणाम है।

विद्यालय की प्राचार्या अंजना कुमारी ने कहा कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन जैसी प्रतियोगिताएँ छात्रों में अनुसंधान, विश्लेषणात्मक क्षमता और समस्या-समाधान की भावना को विकसित करती हैं तथा आयुष की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर निदेशक द्वय अविनाश सेठ एवं मनीष कपसीमे, सीओओ तनिष्क सेठ,  प्रशासक अशरफ खान, संयोजक विजय कुमार सिंह, जितेन्द्र कुमार चौधरी, बी.डी. नस्कर, अनुराग कुमार सिंह, शिल्पी भदानी, प्रीति जगनानी, स्टूडेंट सर्विस सेल संयोजक सुधांशु कुमार, सीसीए संयोजक राजीव रंजन सिंह सहित समस्त ग्रिज़ली विद्यालय परिवार ने आयुष सिन्हा, उनकी मेंटर शालिनी सिन्हा एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

आयुष सिन्हा की यह सफलता न केवल ग्रिज़ली विद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण है। विद्यालय परिवार उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ देता है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More