Giridih News: ओपेन माइंड में गर्ल्स खो-खो प्रतियोगिता, गार्नेट हाउस बना विजेता

गिरिडीह: धरियाडीह स्थित ओपेन माइंड वर्ल्ड स्कूल में सोमवार को इंटर हाउस गर्ल्स खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्य चंद्रमल्लिका घोष चौधरी ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस मौके पर एकेडमिक हेड मोहम्मद शहरयार, बरनाली पॉल, विनय राय, कोच कर्मवीर पांडेय, ऋतिक कुमार और श्रुति मौजूद थीं।

प्रतियोगिता एमराल्ड, सफायर, गार्नेट और टोपाज हाउस के बीच हुई। चारों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। छात्राओं ने फुर्ती, चतुराई और टीम वर्क का शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में गार्नेट हाउस ने बाजी मारते हुए विजेता का खिताब जीता। एमराल्ड हाउस उपविजेता और टोपाज हाउस द्वितीय उपविजेता रहा।

प्राचार्य ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं का प्रदर्शन काबिले तारीफ है और यह कोच कर्मवीर पांडेय, ऋतिक और श्रुति की कड़ी मेहनत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि खो-खो पारंपरिक भारतीय खेल है जो बच्चों में त्वरित निर्णय, फुटवर्क और समन्वय की क्षमता विकसित करता है। ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं।

कोच कर्मवीर पांडेय ने कहा कि खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए। मैदान में किसी को जीत तो किसी को सीख मिलती है। आयोजन को सफल बनाने में सभी शिक्षकों का योगदान सराहनीय रहा।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More