हथियारबंद बदमाशों ने ज्वैलर्स  दुकान से लूटे नकदी सहित लाखों के गहने

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने चेहरा ढक रखा था और सभी पहले से योजना बनाकर आए थे। अपराधियों का बेखौफ होकर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देना शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

पूर्वी सिंहभूम: दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने ज्वैलर्स दुकान से नकदी सहित लाखों के गहने लूटकर फरार हो गए।

घटना सोनारी थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर घटी। वर्धमान ज्वैलर्स में पांच से सात की संख्या में हथियारबंद अपराधी ग्राहक बनकर घुसे और पलक झपकते ही लाखों रुपये मूल्य के गहने और नकदी लूटकर फरार हो गए। इस दौरान अपराधियों ने दुकान मालिक पर पिस्टल की बट से हमला कर उसे घायल भी कर दिया। अचानक हुई घटना से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई ।

घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पियूष पांडे, सिटी एसपी शिव आशिष कुमार और डीएसपी मनोज ठाकुर दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर नाकाबंदी की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।खास बात यह है कि जिस स्थान पर यह लूट हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) का कार्यालय स्थित है। इसके बावजूद अपराधियों का बेखौफ होकर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देना शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने चेहरा ढक रखा था और सभी पहले से योजना बनाकर आए थे।

दुकानदार पंकज जैन को इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कुल कितने की लूट हुई है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार गहनों और नकदी की कीमत लाखों रुपये तक पहुंच सकती है।घटना के बाद सोनारी और आसपास के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। कई व्यापारियों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने की मांग की है। एसएसपी पियूष पांडे ने कहा कि अपराधियों की पहचान के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही सभीआरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More