Hazaribagh News: महिला समूहों के बीच केंद्रीय मंत्री ने किया ट्रेक्टर का वितरण
3-1024x614.jpeg)
हजारीबाग: आज समाहरणालय परिसर में भूमि संरक्षण सर्वे विभाग द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2024-25 की राज्य योजनांतर्गत मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत चयनित महिला समूहों को स्वरोजगार के उद्देश्य से ट्रैक्टर उपलब्ध कराए गए।
इस अवसर पर माननीय केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, विधायक बरही मनोज यादव, विधायक बरकट्ठा अमित यादव, विधायक मांडू, विधायक बड़कागांव, विधायक बगोदर ने लाभुक महिला समूहों को ट्रैक्टर का वितरण किया। माननीय मंत्री महोदया ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की यह योजना महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
माननीय मंत्री ने कहा कि महिला समूह कृषि कार्यों में आत्मनिर्भर बनें और अपने प्रयासों से अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बनें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण स्तर पर महिलाओं को तकनीकी साधनों से सशक्त कर उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि चयनित लाभुक महिला समूहों को नियमानुसार ट्रैक्टर उपलब्ध कराए गए हैं तथा भविष्य में और भी महिला समूहों को इस योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।
इसी अवसर पर एनएमडीसी (NMDC) द्वारा सीएसआर मद से एक एम्बुलेंस भी जिला प्रशासन को सौंपी गई, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
मौके पर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह, सहित जिला प्रशासन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा महिला समूह बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।


