Koderma News: 20वीं सीनियर राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में पुरुष टीम ने पाकुड़ को 30-17 से हराया

जामताड़ा में राज्यस्तरीय कबड्डी चैंपियनशिप जीतने के बाद ट्रॉफी लहराते कोडरमा के खिलाड़ी।

कोडरमा: जामताड़ा के गांधी मैदान स्टेडियम में 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित 20वीं झारखंड राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष एवं महिला कबड्डी प्रतियोगिता-2026 में कोडरमा ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दोहरी सफलता हासिल की। कोडरमा की पुरुष टीम ने शानदार खेल के दम पर चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि महिला टीम बेहद रोमांचक फाइनल में महज एक अंक से पिछड़कर उपविजेता रही।

पुरुष वर्ग के फाइनल में कोडरमा ने पाकुड़ को एकतरफा अंदाज में 30-17 से शिकस्त दी। पूरे मुकाबले में कोडरमा के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, आक्रामक रणनीति और मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया। टीम ने शुरुआत से ही मुकाबले पर दबाव बनाए रखा और अंतिम सीटी तक अपनी बढ़त कायम रखते हुए 13 अंकों से जीत दर्ज की।

महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला कोडरमा और गढ़वा के बीच बेहद संघर्षपूर्ण रहा। दोनों टीमों ने अंतिम क्षण तक जीत के लिए जोर लगाया, लेकिन बाजी गढ़वा के हाथ लगी। मुकाबला 22-21 से समाप्त हुआ और कोडरमा की टीम को महज एक अंक के अंतर से उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। हालांकि महिला टीम के जुझारू प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में कोडरमा की मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।

खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ने की उम्मीद

दोनों टीमों की सफलता पर कोडरमा जिला कबड्डी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी। एसोसिएशन अध्यक्ष संदीप सिन्हा बंटी और सचिव धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कोडरमा के खिलाड़ियों का लगातार बेहतर प्रदर्शन जिले के लिए गौरव की बात है। इस सफलता से खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का रास्ता मजबूत होगा।

उपाध्यक्ष तौफीक हुसैन ने कहा कि एसोसिएशन जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए मंच उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन, कोडरमा डीसी और जिला खेल पदाधिकारी से खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों का हुआ स्वागत

प्रतियोगिता से लौटे सफल खिलाड़ियों का कोडरमा रेलवे स्टेशन पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भव्य स्वागत किया। अध्यक्ष संदीप सिन्हा बंटी, उपाध्यक्ष तौफीक हुसैन, सचिव धर्मेंद्र सिंह, सहसचिव विजय साहू, सह कोषाध्यक्ष कुंदन राणा, संदीप जैन और प्रिंस मिश्रा सहित अन्य लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।एसोसिएशन के संरक्षक प्रमोद कुमार, संगीता शर्मा, सुनील जैन, विकास कुमार, संयुक्त सचिव जय गोपाल शर्मा, दीपक कुमार, आदित्य राज, अमित राय, सुनील कुमार, श्रवण कुमार सहित अन्य सदस्यों ने भी दोनों टीमों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More