“बेलवा बेलगाम घूम रहा है”: तेज प्रताप यादव का राजद परिवार में नया ड्रामा!

पटना: तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी के विधायक भाई वीरेंद्र पर तीखा हमला बोला है। पटना में मनेर के रोड शो के दौरान तेज प्रताप यादव ने बिना नाम लिए कहा, ”बेलवा बेलगाम घूम रहा है। उसको नाथने का काम कीजिए। जैसे कृष्ण भगवान ने कालिया नाग को नाथा था, वैसे ही मनेर की जनता बेलवा को नाथने का काम करेगी। बेलवा हमको संगठन से बाहर करवा दिया।”
तेज ने इशारों में आरोप लगाया कि संगठन से उन्हें बाहर करवाने के पीछे उनका हाथ है, हालाँकि उन्होंने नाम नहीं लिया। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग संगठन से बाहर करने का प्रयास तो कर सकते हैं, मगर ज़मीर और जनता का दिल नहीं निकाल सकते। यह विवाद पहले भी सामने आया था, जब तेज प्रताप यादव और भाई वीरेंद्र के बीच SC-ST समाज से जुड़े बयान को लेकर मतभेद हुआ था।
उन्होंने सोशल मीडिया पर भी सवाल उठाए—क्या राज्य अपने विधायक भाई वीरेंद्र पर एक्शन लेगा, जिन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर के आदर्शों के खिलाफ टिप्पणी की थी? तेज प्रताप ने दावा किया कि पार्टी ने उन्हें बाहर कर दिया है, अब देखना है कि पार्टी अपने विधायक के खिलाफ क्या कार्रवाई दिखाती है। उन्होंने पूछा कि संविधान का अपमान करने वालों पर क्या कोई ऐक्शन होगा या नहीं।
तेज प्रताप और भाई वीरेंद्र के बीच की यह तकरार आरजेडी के अंदरूनी मतभेदों को एक बार फिर उजागर करती है। मुद्दा सिर्फ संगठन के बाहर किए जाने या टिप्पणी तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि दोनों नेताओं के बीच लड़ाई लगातार सार्वजनिक मंचों पर दिख रही है।




