Bengal bypolls: 2 विधानसभा सीटों पर कमल का पहला इम्तिहान, विपक्ष में ‘हम भी कम नहीं’ की होड़

Bengal Bypolls: नंदीग्राम और रेजीनगर में मंगलवार को होने वाला मतदान सिर्फ दो विधानसभा सीटों का उपचुनाव नहीं है। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन को खत्म कर सत्ता में आई भाजपा के लिए यह पहला चुनावी टेस्ट है। साथ ही, इन उपचुनावों पर यह भी नजर रहेगी कि बिखरे हुए विपक्ष में कौन-सी पार्टी भाजपा के सामने मुख्य चुनौती बनकर उभरती है।
मई में सत्ता संभालने के बाद इन उपचुनावों से भाजपा सरकार को लेकर जनता के शुरुआती मूड का अंदाजा लगाने की कोशिश होगी। उधर, विपक्षी दल भी बिखरे राजनीतिक मैदान में अपनी-अपनी जगह बनाने की जुगत में लगे हैं। सत्तारूढ़ दल हो या उसके विरोधी, सबकी नजर अल्पसंख्यक वोटरों के रुख पर भी टिकी है। यानी दो सीटों का चुनाव है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में हिसाब-किताब थोड़ा ज्यादा बड़ा चल रहा है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 6 अक्टूबर को मतदान होगा और 9 अक्टूबर को मतगणना के बाद तस्वीर सामने आएगी।

नंदीग्राम पर सबकी नजरें
मई में भाजपा ने 15 साल पुराने तृणमूल शासन को खत्म कर सत्ता अपने नाम की थी। इसके बाद यह पहला चुनाव है, इसलिए नंदीग्राम पर सियासी नजरें टिकना लाजिमी है। हालांकि, चार महीने पुरानी सरकार के कामकाज पर इन उपचुनावों को सीधा जनादेश मानना ठीक नहीं होगा, लेकिन जनता का शुरुआती मूड और सरकार की नीतियों को लेकर उसका रुख जरूर कुछ संकेत दे सकता है।
यह भी पढ़ें: हेमंत सरकार पंचायत चुनाव टालने की बना रही भूमिका: प्रतुल शाह देव
नंदीग्राम का मामला थोड़ा अलग है। इस सीट का सियासी महत्व काफी पुराना और प्रतीकात्मक रहा है। यही वह इलाका है, जहां ममता बनर्जी का भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन जोर पकड़ चुका था। इसी आंदोलन ने 2011 में तृणमूल कांग्रेस के सत्ता तक पहुंचने की राह तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी। फिर 2021 में कहानी ने करवट ली और भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने इसी नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हरा दिया। अब एक बार फिर नंदीग्राम में चुनावी मुकाबला है, इसलिए सियासी दलों से लेकर जनता तक, सबकी निगाहें इसी सीट पर लगी हैं।

नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत शुभेंदु अधिकारी
2026 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर, दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखी, जिसके चलते नंदीग्राम में उपचुनाव की नौबत आई। भाजपा ने यहां चंद्रनाथ रथ की मां हासिरानी रथ को मैदान में उतारा है। चंद्रनाथ को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का करीबी सहयोगी माना जाता था। विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के महज दो दिन बाद, 6 मई को चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
उधर, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल धड़े की उम्मीदवार संचित प्रधानी डे ने शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद चुनावी मैदान से अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद ममता बनर्जी के पास अपना कोई उम्मीदवार नहीं बचा और उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को समर्थन देने का फैसला किया। बनर्जी ने इसे इंडिया गठबंधन को मजबूत करने की कोशिश बताया।
प्रधान को 2007 के नंदीग्राम भूमि अधिग्रहण आंदोलन से जुड़े पुराने मामलों में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई और इसके बाद वह फिर चुनाव प्रचार में जुट गए। दूसरी तरफ, ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल के विरोधी धड़े ने मोहम्मद एतेशामुल हक को लिफाफा चुनाव चिह्न और अलग अस्थायी पार्टी पहचान के साथ मैदान में उतारा है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने शांतिगोपाल गिरि को अपना उम्मीदवार बनाया है।
ऐसे में नंदीग्राम का चुनाव सिर्फ वोटों की गिनती तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि यहां राजनीतिक तालमेल की भी परीक्षा हो रही है। ममता बनर्जी का धड़ा कांग्रेस को समर्थन देकर विपक्षी एकजुटता साधने की कोशिश में है, वहीं भाजपा विधानसभा चुनाव में मिली अपनी बढ़त को बरकरार रखने की कोशिश कर रही है। यानी नंदीग्राम में मुकाबला सीट का है, लेकिन नजरें सियासी समीकरणों पर टिकी हैं।
रेजीनगर में राजनीतिक समीकरण अलग
रेजीनगर में कहानी थोड़ी अलग है और यहां सियासी गणित भी अपने ही हिसाब से चल रहा है। 2026 के विधानसभा चुनाव में रेजीनगर और नवादा, दोनों सीटों से जीतने वाले हुमायूं कबीर ने नवादा सीट अपने पास रखी, जिसके बाद रेजीनगर सीट खाली हो गई। उनकी पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) ने अब उनके बेटे गुलाम नबी आजाद को मैदान में उतारा है। कबीर ने रेजीनगर सीट करीब 59 हजार वोटों के अंतर से जीती थी।
चुनावी मैदान में भाजपा की ओर से मुर्शिदाबाद जिले के पूर्व अध्यक्ष सखराव सरकार, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल धड़े से रबीउल आलम चौधरी, तृणमूल के विरोधी धड़े से सफीउज्जमान शेख, कांग्रेस के मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी और माकपा के सैयद असद अली मैदान में हैं।
वहीं, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) ने अपने उम्मीदवार विकास चंद्र मिश्रा का नाम वापस ले लिया। पार्टी ने पारंपरिक हंसिया-हथौड़ा चुनाव चिह्न की जगह बाल्टी का निशान दिए जाने के निर्वाचन आयोग के फैसले पर आपत्ति जताई थी। एजेयूपी भी अपनी सीटी वाली पहचान बदलकर मेज का चुनाव चिह्न दिए जाने से खुश नहीं थी और उसने इस पर आपत्ति दर्ज कराई।
नंदीग्राम में सियासी तालमेल की परीक्षा
ममता बनर्जी के धड़े के सामने उस वक्त पेच फंस गया, जब चौधरी ने कार्यकर्ताओं के दबाव और नई पार्टी पहचान के साथ प्रचार करने में आ रही दिक्कतों का हवाला देते हुए चुनाव से हटने का ऐलान कर दिया। हालांकि, पार्टी प्रमुख से बातचीत के बाद उन्होंने अपना फैसला बदल लिया।
इस उपचुनाव में अगर नंदीग्राम सियासी तालमेल की परीक्षा है, तो रेजीनगर में मुकाबला बिखराव और संगठन की ताकत का है। कांग्रेस के लिए दोनों सीटों की कहानी भी अलग-अलग है। नंदीग्राम में उसे बनर्जी का समर्थन हासिल है, जबकि रेजीनगर में पार्टी अपने दम पर चुनाव मैदान में है।
कांग्रेस नेता प्रदीप भट्टाचार्य का कहना है कि पार्टी को तृणमूल के हाथों गंवाई अपनी राजनीतिक जमीन वापस हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए। वहीं, अधीर रंजन चौधरी ने संगठन को दोबारा मजबूत करने पर जोर दिया है। यानी कांग्रेस के सामने दोनों सीटों पर अलग समीकरण हैं और पार्टी को उसी हिसाब से अपनी सियासी चाल चलनी है।




