Ranchi News: हिनू में निजी सुरक्षा एजेंसी के कार्यालय में लगी आग, कंप्यूटर और दस्तावेज जलकर खाक

रांची। राजधानी रांची के हिनू इलाके में सोमवार सुबह एक निजी मैनपावर एजेंसी के कार्यालय में भीषण आग लग गई। आग डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू स्थित शिवा प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में लगी। कार्यालय से धुआं और आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी एजेंसी के प्रोपराइटर को दी। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण किए जाने से इसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग की चपेट में आने से कार्यालय में रखे कंप्यूटर, महत्वपूर्ण दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। अधिकारियों के अनुसार, आग से करीब 1.25 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का आकलन किया गया है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।


