सेल बोनस को लेकर अस्पताल कर्मियों का प्रदर्शन, विभागाध्यक्ष कार्यालय के सामने जताया आक्रोश

बोकारो: सेल बोनस विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। उच्च उत्पादन और भारी मुनाफे के बावजूद मात्र 32,000 रुपये तय करने के विरुद्ध अवैध तथा गैर-निर्वाचित एनजेसीएस प्रतिनिधियों और सेल/बीएसएल प्रबंधन के विरुद्ध बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ के आह्वान पर बोकारो जेनरल अस्पताल के कर्मियों ने विभागाध्यक्ष कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
अस्पताल कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सेल प्रबंधन भारी तानाशाही पर उतर आया है। तानाशाही का आलम यह है कि सेल प्रबंधन खुद ही अवैध बोनस फॉर्मूला लागू कर देता है तथा खुद ही अवैध यूनियन प्रतिनिधियों के साथ दिखावटी बैठक कर बोनस राशि भी तय कर देता है। 19.4 मिलियन टन क्रूड स्टील उत्पादन, 13,000 करोड़ रुपये EBITDA होने तथा दिन-प्रतिदिन मैनपावर कम होने के बावजूद बोनस राशि मात्र 32,000 रुपये तय करना एक तरह से कर्मचारियों का शोषण है।
यह भी पढ़ें: SAIL ने 2026-27 की पहली छमाही में बनाए कई नए रिकॉर्ड, उत्पादन और बिक्री में शानदार प्रदर्शन
वहीं, सभा को संबोधित करते हुए महासचिव हरिओम ने स्पष्ट किया कि संजीवा रेड्डी हो या वीरेंद्र चौबे, श्रीनिवास राव हो या रंजय कुमार, ललित मिश्रा हो या बंदोपाध्याय, विद्यसागर गिरी हो या रामाश्रय सिंह, संजय बढ़वाकर हो या राजेंद्र सिंह—ये हमारे द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधि नहीं हैं तथा ये सेल प्रबंधन द्वारा मनोनीत प्रतिनिधि हैं। ये हमारे हित में कभी भी कोई समझौता नहीं कर सकते हैं। हम अब इनके विरुद्ध अदालत में जाएंगे।
वहीं, अन्य वक्ताओं ने बीजीएच प्रबंधन द्वारा बीजीएच कर्मियों के विरुद्ध किए जा रहे भेदभाव का भी मुद्दा उठाया।
इस विरोध प्रदर्शन को यूनियन के अध्यक्ष दिलीप कुमार, उपाध्यक्ष कृष्ण रजवार और उपमहासचिव माणिक मुंडा ने संबोधित किया।


