Koderma News: संतान की लंबी उम्र का महापर्व जितिया रविवार को पारण के साथ संपन्न

कोडरमा: जिले के विभिन्न प्रखंडों में महापर्व जितिया पारण के साथ रविवार को संपन्न हो गया। संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के लिए रखा जाने वाला कठिन निर्जला व्रत जिले के गांव-गांव में पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जीवित्पुत्रिका व्रत, जिसे आम बोलचाल में जितिया या जिउतिया कहा जाता है, बिहार-झारखंड का सबसे कठिन व्रत माना जाता है। तीन दिनों तक चलने वाले इस पर्व की शुरुआत 2 अक्टूबर को नहाय-खाय से हुई थी।
इस दिन व्रती माताओं ने स्नान कर नोनी का साग, मडुआ की रोटी और झिंगनी की सब्जी का सात्विक भोजन ग्रहण किया था। व्रत का मुख्य दिन 3 अक्टूबर शनिवार था। इस दिन माताओं ने 24 घंटे से अधिक समय तक बिना अन्न-जल के निर्जला उपवास रखा और प्रदोष काल में भगवान जीमूतवाहन की कथा सुनकर चील-सियारिन की पूजा की। पंचांग के अनुसार अष्टमी तिथि 3 अक्टूबर को सुबह 7:59 बजे से शुरू होकर 4 अक्टूबर को सुबह 5:51 बजे तक रही।
आज 4 अक्टूबर रविवार को सुबह पारण के साथ इस महापर्व का समापन हो गया। शुभ मुहूर्त में सुबह 7:28 बजे के बाद व्रती माताओं ने पूजा-अर्चना कर व्रत खोला। जितिया पर्व को लेकर बाजारों में भी खासी रौनक रही। पूजा सामग्री, श्रृंगार और फलों की दुकानों पर भीड़ देखी गई। वहीं झुमरी तिलैया, डोमचांच के भेलवाटांड सहित कई स्थानों पर पारंपरिक झूमर मेला का भी आयोजन किया गया।


