संत जेवियर स्कूल में छात्रा से हुई थी दरिंदगी, स्कूल में भी सुरक्षित नहीं बेटियां?

(फाइल फोटो)

साहिबगंज: विद्यालय, जिसे अभिभावक अपनी बेटियों के लिए सबसे सुरक्षित जगह मानते हैं, वहीं से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे जिले में चिंता बढ़ा दी है। रांगा थाना क्षेत्र के दुर्गापुर स्थित संत जेवियर पब्लिक स्कूल में आठवीं नाबालिग छात्रा के साथ हुई घटना के बाद यह सवाल फिर उठ रहा है – आखिर आवासीय स्कूलों में हमारी बेटियां कितनी सुरक्षित हैं?

पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर 29 सितंबर को पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने बताया कि मामले की जांच सभी बिंदुओं पर की जा रही है। कार्रवाई थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव के नेतृत्व में की गई।

परिजनों के अनुसार, छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद जब उसे अस्पताल ले जाया गया तब घटना की जानकारी मिली। परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल परिसर में ही छात्रा के साथ गलत किया गया और उसे डराया-धमकाया भी गया। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर मामले को दबाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि इन सभी आरोपों की जांच की जा रही है, तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

यह विद्यालय आवासीय है, जहां बच्चे हॉस्टल में रहकर पढ़ते हैं। ऐसे में सुरक्षा की जिम्मेदारी सामान्य स्कूलों से कई गुना ज्यादा बढ़ जाती है। इस घटना ने कई जरूरी सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षा विभाग के नियमानुसार हर निजी और आवासीय स्कूल में बाल सुरक्षा नीति लागू होना अनिवार्य है, लेकिन धरातल पर इसका पालन कितना हो रहा है, यह इस घटना से स्पष्ट होता है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More