Ranchi News: सास की हत्या और पत्नी पर जानलेवा हमले का आरोपी सलमान अंसारी गिरफ्तार, चाकू बरामद

नरकोपी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया मुख्य आरोपी सलमान अंसारी।
छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी

रांची: जिले के नरकोपी थाना क्षेत्र के मंदरो गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान सास की हत्या और पत्नी पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलमान अंसारी (28 वर्ष), पिता सज्जाद अंसारी, ग्राम मंदरो, थाना नरकोपी, जिला रांची के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को सुबह करीब 7 बजे मंदरो गांव में सलमान अंसारी ने आपसी पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी सास हकीमन खातून और पत्नी अफसाना प्रवीण पर लोहे की रॉड तथा चाकू से हमला कर दिया था। हमले में हकीमन खातून की मौत हो गई थी, जबकि अफसाना प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घायल अफसाना का इलाज रिम्स में चल रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर और ग्रामीण एसपी के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। इसी क्रम में 1 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि कांड का मुख्य अभियुक्त सलमान अंसारी नरकोपी रेलवे स्टेशन से कहीं बाहर भागने की फिराक में है।

सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन और डीएसपी बेड़ो के नेतृत्व में गठित SIT ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नरकोपी रेलवे स्टेशन से सलमान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है।

मामला नरकोपी थाना कांड संख्या 25/26, दिनांक 30 सितंबर 2026 के तहत दर्ज है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 117(2), 109, 103(1) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

छापामारी दल में डीएसपी बेड़ो दीपक कुमार, पुलिस निरीक्षक बेड़ो उत्तम कुमार उपाध्याय, नरकोपी थाना प्रभारी शैलेन्द्र कुमार टुडु, लापुंग थाना प्रभारी गोविन्द कुमार, बेड़ो थाना प्रभारी कफील अहमद, नरकोपी थाना के सअनि कंचन कुमार सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More