Hazaribagh News : अंधेरे में ऑपरेशन की खबर का असर ,हजारीबाग DC का बड़ा फैसला, सभी स्वास्थ्य केंद्रों में इनवर्टर अनिवार्य

हजारीबाग: जिले के केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अंधेरे में ऑपरेशन की खबर सामने आने के बाद प्रशासन को झकझोर दिया। खबर प्रसारित होते ही मामला सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जिला प्रशासन के संज्ञान में गंभीरता से आया। मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद हजारीबाग उपायुक्त ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और उप-स्वास्थ्य केंद्रों में रोशनी की वैकल्पिक और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने का संवेदनशील निर्णय लिया। यह साफ संदेश दिया गया कि मरीजों की जान के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त के निर्देश का असर यह रहा कि रविवार की छुट्टी के दिन भी जिले भर में स्वास्थ्य संस्थानों में इनवर्टर लगाने का काम शुरू कर दिया गया। यह कदम दिखाता है कि प्रशासन ने खबर को महज औपचारिकता नहीं, बल्कि एक गंभीर चेतावनी के रूप में लिया। ग्रामीण और दूरदराज़ इलाकों में स्थित स्वास्थ्य केंद्र, जहां अक्सर बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, वहां यह निर्णय विशेष रूप से राहत देने वाला साबित हो रहा है। वैकल्पिक रोशनी की व्यवस्था से अब आपात स्थिति में भी इलाज बाधित नहीं होगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस मुद्दे का न्यूज सामने नहीं आता तो शायद यह गंभीर समस्या फिर से फाइलों में दब जाती।
लोगों ने मीडिया की सक्रिय भूमिका और उपायुक्त की त्वरित कार्रवाई दोनों की सराहना की है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, मीडिया और प्रशासन के बीच यह समन्वय लोकतंत्र की मजबूती का संकेत है, जहां खबर सिर्फ सूचना नहीं रहती, बल्कि सुधार की वजह बनती है। उपायुक्त का यह निर्णय उसी सकारात्मक बदलाव की मिसाल माना जा रहा है। कुल मिलाकर उपायुक्त के संवेदनशील फैसले ने यह साबित कर दिया है कि जब सवाल मजबूती से उठते हैं और प्रशासन जिम्मेदारी निभाता है, तो व्यवस्था में सुधार संभव है। अब जरूरत है कि यह पहल स्थायी रूप ले और भविष्य में किसी भी मरीज को अंधेरे में इलाज न कराना पड़े।


