Sahebganj News: गांधी जयंती पर व्यापारियों का सत्याग्रह, MDR शुल्क के विरोध में चेंबर ने रखा सामूहिक उपवास

साहिबगंज: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर ईस्टर्न झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज की ओर से डिजिटल लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) शुल्क के विरोध में शुक्रवार को शांतिपूर्ण सामूहिक उपवास एवं पद-भ्रमण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नगर थाना के समीप स्थित महात्मा गांधी स्मारक स्थल पर सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुआ।
चेंबर के पदाधिकारियों, सदस्यों, व्यापारियों और नागरिकों ने एक घंटे का सामूहिक उपवास रखकर अपनी मांग को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ चेंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। सचिव मोहित बेगराजका, पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद आफताब आलम, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार, संगठन प्रभारी अंकित तमाखुवाला, वरिष्ठ सदस्य कमल महावर, नवल किशोर मंडल, रवि शंकर पोद्दार, सह-सचिव पिंटू साह एवं राकेश कुमार सहित अन्य सदस्यों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपवास के बाद चेंबर के बैनर तले व्यापारियों ने गांधी स्मारक से शहर की प्रमुख सड़कों तक शांतिपूर्ण पद-भ्रमण किया और सरकार से प्रस्तावित शुल्क वापस लेने की मांग की।चेंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि गांधी जयंती पर सत्य, अहिंसा और शांतिपूर्ण संघर्ष के मार्ग को अपनाते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। चेंबर किसी भी प्रकार के टकराव या अशांति के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेनदेन पर 0.4% एमडीआर शुल्क लागू होने से व्यापारियों और उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा। चेंबर के अनुसार 3,000 रुपये के लेनदेन पर 12 रुपये, 10,000 पर 40 रुपये और 1 लाख के लेनदेन पर 400 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लगेगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो चेंबर शांतिपूर्ण एवं चरणबद्ध आंदोलन के माध्यम से अपनी बात रखेगा। इस अवसर पर विकास कौशिक, मो. कैसर अली, राहुल जायसवाल, हरपाल सिंह, संदीप डोकानिया, संतोष केशरी, पीयूष केजरीवाल, राजेश दीवान, रतन साह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।


