Koderma News : सेक्रेड हार्ट स्कूल में पॉक्सो एक्ट और बाल अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सेक्रेड हार्ट स्कूल में पॉक्सो एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम
पॉक्सो एक्ट और बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता जरूरी : किरण कुमारी

कोडरमा : सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), कोडरमा की ओर से सेक्रेड हार्ट स्कूल, झुमरी तिलैया में पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) एवं बाल अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को बच्चों की सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों, लैंगिक अपराधों से संरक्षण तथा किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून की जानकारी देकर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग, सतर्क और जिम्मेदार बनाना था।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की डिप्टी चीफ एलडीसीए किरण कुमारी ने पॉक्सो एक्ट के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने के लिए पॉक्सो अधिनियम बनाया गया है। इस कानून के तहत बच्चों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों को गंभीरता से लिया जाता है और पीड़ित बच्चों की सुरक्षा तथा सहायता के लिए विशेष कानूनी प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी अनुचित व्यवहार, शोषण या असुरक्षित स्थिति को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी परिस्थिति में बिना डर और संकोच के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए। किरण कुमारी ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें और दूसरों की सुरक्षा एवं सम्मान का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करती है और उन्हें गलत परिस्थितियों को पहचानने तथा उचित कदम उठाने में मदद करती है। बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में परिवार, विद्यालय और समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम में एलडीसीए अरुण कुमार ओझा ने बाल अधिकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने मुख्य अतिथि किरण कुमारी एवं विशिष्ट अतिथि अरुण कुमार ओझा का बुके देकर स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान और परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को जागरूक, संवेदनशील, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। बच्चों को अपने अधिकारों, सुरक्षा और कानून की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे किसी भी अनुचित परिस्थिति में सही निर्णय ले सकें।

उन्होंने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि कानूनी जानकारी बच्चों को न केवल अपने अधिकारों की रक्षा करने में सक्षम बनाती है, बल्कि उन्हें दूसरों के अधिकारों का सम्मान करना भी सिखाती है। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यालय और समाज के बीच जागरूकता की मजबूत कड़ी बनते हैं।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से पैरालीगल वॉलंटियर कंचन कुमारी, रोहित शाह एवं मंटू कुमार भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट और बाल अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस पहल को बच्चों के लिए सुरक्षित, जागरूक और अधिकार-सम्मत वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More